कोरबा। कोरबा जिले के कटघोरा-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क पार करते समय कल शाम एक हाथी शावक वहां स्थित एक नाले में जा गिरा। सड़क किनारे बने इस नाले में हाथी शावक के गिर जाने के बाद हाथियों का पूरा दल सड़क में ही डेरा जमा दिया। जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनांे की लंबी कतारें लग गई। मामले की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू आपरेशन कर 4 घंटे बाद हाथी शावक को जेसीबी से मदद से बाहर निकाला जा सका। जिसके बाद हाथियों से दल यहां से रवाना हो हुआ।
कोरबा जिले के कटघोरा वन मंडल के अंतर्गत इन दिनों 21 हाथी का एक दल विचरण कर रहा है। गुरुवार को देर शाम 6 बजे यह दल कोरबा से करीब 70 किलोमीटर दूर ग्राम मड़ई के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 130 को पार कर रहा था। बताया जा रहा है कि दल में शामिल करीब एक साल का हाथी का बच्चा सड़क किनारे एक नाला में जा गिरा।
इस घटना के बाद हाथियों का दल सड़क पार करने की जगह वहीं रुक गया। इसके साथ ही सड़क में चलने वाले वाहनों के पहिए थम गए। इसकी जानकारी मिलने पर वन विभाग के अधिकारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इस बीच एक हथिनी बच्चे को सूढ़ के माध्यम से बाहर निकालने का प्रयास करती नजर आई।
वन विभाग के अधिकारियों द्वारा हाथी के बच्चे को बाहर निकालने जेसीबी मंगाया गया। किसी तरह वन कर्मी नाले के नीचे उतरे और उसे रस्सी से बांधा गया। उसके बाद जेसीबी से खींच कर उपर सड़क पर लाया गया। ऊपर आते ही हाथी का बच्चा दौड़ कर हथिनी के पास चला गया।
4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद निकाला बाहर
केंदई वनपरिक्षेत्राधिकारी अभिषेक दुबे ने बताया कि हाथी के बच्चे को निकालने के लिए जेसीबी मौके पर बुलाया गया, तो हथिनी जेसीबी के सामने आ जाती थी। इसकी वजह से बच्चे को निकालने में काफी विलंब हुआ। कुछ देर के लिए वह घटनास्थल से थोड़ी दूर गई तो मौका मिलते ही टीम ने रेस्क्यू कर बच्चे को बाहर निकाल लिया। बच्चे के बाहर निकलने के बाद ही हाथियों का दल वापस जंगल की ओर रवाना हुआ। शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक मार्ग बाधित रहा।
हाथियों के हमले का बना था डर
हाथी के बच्चे को रेस्क्यू करने में 50 वन कर्मियों की टीम लगी रही। इस बात का खास ध्यान रखा जा रहा था कि बच्चे को चोट न लगे और सुरक्षित ढंग से बाहर निकाला जाए। रस्सी से बांध सीधे उठाने की जगह एक कर्मी ने बच्चे को पीछे से सपोर्ट देकर उपर जे सी बी में चढ़ाया। हाथियों के दल के हमला करने का खतरा बना हुआ था, बावजूद इसके वन कर्मियों ने साहस का परिचय देते हुए रेस्क्यू किया। इस बीच सड़क पर लगी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए भी मशक्कत करनी पड़ी ।









