गांव में घुस आए 2 दर्जन जंगली हाथी, घरों में की तोड़फोड़, 2 एकड़ में लगी फसल को रौंद डाला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मुख्यालय से सटे कई गांवों में जंगली हाथियों ने आतंक मचा रखा है। बीते 3 दिनों से 17-18 की संख्या में जंगली हाथियों का झुंड इलाके में घूम रहा है। हाथी कभी ग्रामीणों के मकानों को तोड़ डालते हैं तो कभी खेत में खड़ी फसल को रौंद देते हैं। हाथियों की इस चहलकदमी की वजह से चिनिया प्रखंड के लोग दहशत में हैं और रतजगा करने को मजबूर हैं। ताजा मामला बुधवार देर रात का है।

 

मिली जानकारी के मुताबिक कल रात हाथियों का समूह चिनिया के टोला सेमरा टांड़ में घुस आया और जमकर उत्पात मचाया। घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार देर रात चिनिया प्रखंड के टोला सेमरा टांड़ में घुसे हाथियों के झुंड ने ग्रामीण रहमान अंसारी के घर पर हमला कर दिया।

 

हाथियों ने रहमान अंसारी के मकान का पूरा एक हिस्सा तोड़ डाला। पीड़ित रहमान ने बताया कि पूरा परिवार रात तकरीबन 10:30 बजे खाना खाकर सोने चला गया था। तभी अचानक हाथियों की चिंघाड़ से उनकी नींद खुली। जब तक कुछ समझ पाते हाथियों ने मकान पर हमला कर दिया था।

 

 

मकान का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो चुका था। पूरा परिवार इससे सहम गया। रहमान ने बताया कि हाथी यहीं नहीं रूके। उन्होंने मकान के बगल में बंशीधर यादव और कलीम अंसारी के लगभग 2 एकड़ जमीन में खड़ी फसल को रौंद डाला।

 

 

इससे पहले मंगलवार की रात को हाथियों के झुंड ने चिनिया प्रखंड के तहले गांव में भी उत्पात मचाया था। वहां दर्जन भर किसानों के तकरीबन 5 एकड़ जमीन पर लगी फसल को बर्बाद कर दिया। पीड़ित किसानों ने वन विभाग से मुआवजे की मांग की है।

 

इस बाबत गढ़वा दक्षिणी वन प्रमंडल पदाधिकारी शशि कुमार ने बताया कि उन्हें हाथियों द्वारा किसानों की फसल को नुकसान पहुंचाने की जानकारी मिली है। सरकारी प्रावधानों के हिसाब से किसानों को मुआवजा मिलेगा। उन्होंने लोगों को सलाह दी है कि वे शाम को अपने घर के दरवाजे पर अलाव जलाएं। हाथियों के साथ छेड़छाड़ ना करें।

samachardoot
Author: samachardoot

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें