Ratlam Fertilizer Loot Case: आलोट में कांग्रेस विधायक पर खाद लूट का केस दर्ज करवाने वाले वेयर हाउस मैनेजर ने की खुदकुशी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

Ratlam Fertilizer Loot Case: आलोट/ रतलाम, चर्चित खाद लूट कांड में विधायक मनोज चावला व अन्य के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराने वाला फरियादी मध्य प्रदेश विपणन संघ का गोदाम संचालक भगतराम यदु अपने आफिस में फांसी पर लटका मिला। उसके फांसी के फंदे पर लटकने का कारण पता नहीं चला है। पुलिस अधिकारी मौके पर जांच कर रहे हैं। जांच के बाद ही कारण पता चल पाएगा।

उल्लेखनीय है कि 10 नवम्बर 2022 को सर्वर की समस्या होने से किसानों को यूरिया खाद नहीं मिल पाया था। कई किसान गोदाम पर कतार लगाकर खाद मिलने के इंतजार में खड़े थे। जानकारी मिलने पर विधायक मनोज चावला, कांग्रेस नेता योगेंद्र सिंह जादोन आदि गोदाम पहुंचे थे। विधायक व गोदाम कर्मचारियों के बीच खाद वितरण को लेकर बहस हुई थी। आरोप है कि विधायक ने किसानों से खाद ले जाने का कहा था। कई किसान खाद की बोरियां ले जाने लगे थे। पुलिस ने पहुंच कर स्थिति संभाली थी।

कुछ समय बाद स्टाक मिलाने पर 28 बोरियां कम पाई गई थी। इसे लेकर गोदाम संचालक 53 वर्षीय भगतराम यदु ने विधायक व अन्य के खिलाफ खाद लूट की एफआईआर कराई थी। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर उसी दिन कांग्रेस नेता जादोन को गिरफ्तार कर लिया था। दो माह बाद विधायक ने इंदौर न्यायालय में सरेंडर किया था। वहीं दी अन्य आरोपितों को पुलिस ने कुछ दिन पहले ही गिरफ्तार किया है। चारों आरोपित जेल में हैं।
गोदाम संचालक भगतराम सोमवार को ड्यूटी गया था, लेकिन रात में घर नहीं पहुंचा। मंगलवार सुबह पत्नी तलाश करते हुए उनके आफिस पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की से अंदर झांका तो भगतराम फंदे पर लटका दिखा। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और दरवाजा खोलकर शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भिजवाया। पुलिस अधिकारी घटनास्थल की जांच कर रहे हैं। प्राथमिक तौर पर उसके पास कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है।

samachardoot
Author: samachardoot

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें