Bhopal Crime News: भोपाल, पंजाब नेशनल बैंक की मनीषा मार्केट ब्रांच में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कनार्टक का एक युवक 33 करोड़ का फर्जी डिमांड ड्राफ्ट लेकर बैंक शाखा में पहुंच गया। चूंकि रकम बहुत बड़ी थी, लिहाजा बैंक कर्मचारियों ने तुरंत इसकी सूचना मैनेजर को दी। इतने बड़े पेमेंट का डीडी देख प्रबंधक को संदेह हुआ। डिमांड ड्राफ्ट चेक करने पर पता चला कि वह फर्जी है। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। हबीबगंज पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।
हबीबगंज थाना प्रभारी मनीष राज भदौरिया ने बताया कि भगवान सिंह यादव मनीषा मार्केट स्थित पंजाब नेशनल बैंक के ब्रांच मैनेजर हैं। सोमवार सुबह करीब साढ़े दस बजे प्रभुदेवटी त्रिहात्रिनाथ नामक शख्स बैंक में 33 करोड़ रुपए का डिमांड ड्राफ्ट जमा कराने पहुंचा। इतनी बड़ी राशि का डीडी देखकर कर्मचारियों को संदेह हुआ। उन्होंने मैनेजर भगवान सिंह यादव को उस शख्स और डीडी के बारे में जानकारी दी। जांच करने पर डिमांड ड्राफ्ट फर्जी निकला। फौरन जालसाजी की सूचना पुलिस को देकर मैनेजर भगवान सिंह यादव अन्य कर्मचारियों के साथ जालसाज को लेकर हबीबगंज थाने पहुंचे। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी प्रभु देवटी ने बताया कि वह मूलरूप से कनार्टक का रहने वाला है और उक्त डिमांड ड्राफ्ट उसे दिल्ली के एक व्यापारी ने दिया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।








