कोरबा: के गांव में दिखा विशालकाय किंग कोबरा, एक घंटे चला रोमांचक रेस्क्यू, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कोरबा छत्तीसगढ़ के कोरबा जिला विरल वन्यजीवों के लिए प्रसिद्ध है और कई बार यहां दुर्लभ प्रजातियां देखी जाती हैं। इसी कड़ी में गुरुवार शाम करीब 4 बजे पासरखेत गांव में अचानक एक विशालकाय किंग कोबरा दिखाई देने से हड़कंप मच गया। भारी कद-काठी और फुफकारते नाग को देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए और मौके पर भीड़ इकट्ठी हो गई।

 

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और नोवा नेचर वेलफेयर सोसायटी की टीम को जानकारी दी गई। रेस्क्यूअर जितेंद्र सारथी ने तत्काल कोरबा डीएफओ श्रीमती प्रेमलता यादव को घटना से अवगत कराया। उनके निर्देश पर एसडीओ श्री आशीष खेलवार और एसडीओ श्री सूर्यकांत सोनी के मार्गदर्शन में रेस्क्यू टीम कोरबा से रवाना हुई। टीम में एम. सूरज, सिद्धांत जैन और बबलू मारवा भी शामिल थे।

 

गांव पहुंचकर टीम ने सबसे पहले ग्रामीणों को सुरक्षित दूरी पर कराया और निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब एक से डेढ़ घंटे तक चले इस अभियान के दौरान किंग कोबरा बार-बार फुफकार कर अपना रौद्र रूप दिखाता रहा। सांप के इस आक्रामक व्यवहार से ग्रामीणों की सांसें थम गईं, लेकिन टीम ने धैर्य और विशेषज्ञता के साथ काम करते हुए अंततः कोबरा को सुरक्षित थैले में कैद कर लिया।

 

सफल रेस्क्यू के बाद गांव में राहत का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया। वन विभाग की टीम जल्द ही किंग कोबरा को सुरक्षित जंगल में छोड़ने की तैयारी कर रही है।

samachardoot
Author: samachardoot

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें