रामानुजगंज, बलरामपुर-रामानुजगंज। जिले के रामानुजगंज अंतरराज्यीय नाके पर कृषि उपज मंडी प्रशासन ने मसूर दाल से लदे एक ट्रक पर जांच के दौरान कार्रवाई की। ट्रक क्रमांक CG 15 DZ 7165 रायपुर से छपरा (बिहार) जा रहा था।
जांच के दौरान ट्रक में 390 पैकेट (प्रत्येक 30 किलोग्राम) मसूर दाल, 176 बोरी मसूर खड़ा दाल तथा अन्य सामग्री पाई गई। दस्तावेजों की जांच के दौरान वाहन चालक कृषि उपज मंडी से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके चलते ट्रक को अंतरराज्यीय नाके पर रोककर जांच की गई।
मंडी सचिव राम आर पोर्ते ने बताया कि आवश्यक मंडी दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जाने के कारण नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संबंधित प्रावधानों के तहत पांच गुना 93000 हजार मंडी शुल्क की वसूली की गई। निर्धारित राशि मंडी समिति के खाते में जमा कराई गई है।
उन्होंने बताया कि अंतरराज्यीय नाकों पर कृषि उपज के परिवहन की नियमित जांच की जा रही है। नियमों का पालन नहीं करने वाले परिवहनकर्ताओं के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।








