शिक्षक का घरेलू सामान ला रहे चालक को कोरबा में बेरहमी से पीटा, गो-तस्करी का झूठा शक जताकर की दरिंदगी, आरोपियों की तलाश शुरू

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कोरबा। गो-तस्करी के संदेह में एक पिकअप चालक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। जशपुर से घरेलू सामान लेकर कोरबा आ रहे चालक को सिविल लाइन थाना क्षेत्र में कुछ युवकों ने रोक लिया और उसके साथ लाठी-डंडों से मारपीट कर दी। घटना में चालक के सिर, चेहरे और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित सोनू शर्मा जशपुर से एक शिक्षक का घरेलू सामान लेकर कोरबा आ रहा था। शिक्षक के तबादले के कारण घर का सामान शिफ्ट किया जा रहा था। पिकअप वाहन में पलंग, अलमारी, बर्तन सहित अन्य घरेलू उपयोग का सामान रखा हुआ था।

घायल होने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए

बताया गया कि शनिवार को सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गोढ़ी के पास सात से आठ युवकों ने पिकअप वाहन रुकवा लिया। पीड़ित का आरोप है कि युवकों ने वाहन की तलाशी ली और गो-तस्करी का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपितों ने लाठी-डंडों तथा हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया। मारपीट में सोनू शर्मा के सिर, चेहरे और पीठ पर गंभीर चोटें आईं। घायल होने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

सोनू शर्मा ने अपनी शिकायत में चिंटू और सन्नी नाम के दो युवकों का नाम लिया है। उसने यह भी आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान कुछ लोग खुद को बजरंग दल से जुड़ा बता रहे थे। हालांकि पुलिस ने इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की है और इसे जांच का विषय बताया है।

आरोपितों की तलाश की जा रही

घटना के बाद घायल चालक सिविल लाइन थाने पहुंचा और लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। साथ ही आरोपितों की तलाश की जा रही है।

संदेह की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि पिकअप चालक के साथ मारपीट की घटना में अपराध दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित लोगों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदेह की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें।

samachardoot
Author: samachardoot

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें