दुर्ग। शासकीय चंद्रशेखर आजाद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नयापारा दुर्ग के सात विद्यार्थियों ने 16 जुलाई को नींद की गोली का सेवन कर लिया। इसके बाद उनकी तबियत बिगड़ गई। स्वजन ने उन्हें विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया, जहां चार विद्यार्थी अभी भी भर्ती हैं।
लेकिन उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल प्रबंधन सक्रिय हो गया। शाला विकास समिति की बैठक में निर्णय लिया गया कि टेबलेट देने वाले छात्र को स्कूल से टीसी दी जाएगी।
कक्षा नवमीं के दो छात्र और कक्षा दसवीं के पांच छात्रों ने जिल्फोडीन नामक टेबलेट का सेवन किया। बीमार विद्यार्थियों ने दसवीं के एक छात्र पर टेबलेट उपलब्ध कराने का आरोप लगाया है। प्राचार्य नलिनी सिंह ने बताया कि गुरुवार को कक्षा में एक छात्र का स्वास्थ्य अचानक खराब हो गया।
मुंह से झाग निकलने पर सूचना देकर उनके स्वजन को बुलाया गया। दूसरे दिन छह अन्य छात्रों की तबीयत खराब होने की सूचना मिली। BMO विनोद शुक्ला ने बताया कि मामले में संबंधित स्कूल से रिपोर्ट मांगी गई है।
शाला विकास समिति के अध्यक्ष भूपेन्द्र यादव ने बताया कि विद्यार्थियों ने गोली की सेवन क्यों किया, इसके बारे में अब तक सही जानकारी नहीं मिल पाई है। वे पूछताछ में सबको अलग-अलग कारण बता रहे हैं। वहीं इस मामले को लेकर एनएसयूआई के पदाधिकारी व कार्यकर्ता स्कूल पहुंचे।








