जशपुरनगर। वनपरिक्षेत्र में हाथियों के दल ने एक बार फिर ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। बगीचा वनपरिक्षेत्र के घुघरी कदमटोली गांव में बीती रात जंगल किनारे झोपड़ीनुमा घर में सो रहे 70 वर्षीय बुजुर्ग मार्शल एक्का को हाथियों ने कुचल दिया। हादसे में उनकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, रात में करीब 16 हाथियों का दल जंगल से निकलकर आबादी क्षेत्र की ओर पहुंचा। इसी दौरान जंगल किनारे बने घर में सो रहे मार्शल एक्का हाथियों की चपेट में आ गए। हाथियों ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।
*घर को तोड़ा, खेतों में धान की फसल रौंदी*
हाथियों ने बुजुर्ग के झोपड़ीनुमा घर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके अलावा आसपास के खेतों में लगी धान की फसल को भी रौंदकर नुकसान पहुंचाया। हाथियों के गांव में पहुंचने की सूचना के बाद ग्रामीणों ने अपनी सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है।
*महुआडीह जंगल में डेरा, ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह*
बताया जा रहा है कि बगीचा वनपरिक्षेत्र के महुआडीह जंगल में करीब 16 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। हाथियों के लगातार जंगल से निकलकर गांव और खेतों की ओर पहुंचने से ग्रामीणों में भय बना हुआ है। ग्रामीणों को हाथियों से दूरी बनाए रखने और रात के समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रही है। वहीं ग्रामीणों ने हाथियों के आबादी क्षेत्र में लगातार पहुंचने को लेकर चिंता जताते हुए जान-माल और फसल की सुरक्षा के लिए प्रभावी निगरानी की मांग की है।










