धार में ओवरटेक के चक्कर में प्राइवेट बस ने स्कूल बस को मारी टक्कर, बच्चों समेत दर्जनभर से ज्यादा घायल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

धार । इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम पीपलखेड़ा के पास गुरुवार सुबह करीब 9 बजे बड़ा सड़क हादसा हो गया। ओवरटेक करने के दौरान एक निजी बस ने स्कूल बस को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में स्कूल बस में सवार बच्चों सहित दोनों बसों के दर्जनभर से अधिक लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग के इंदौर की ओर जाने वाले मार्ग पर स्कूल बस और एक ट्रक आगे चल रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही निजी बस ने स्कूल बस को ओवरटेक करने का प्रयास किया। ओवरटेक के दौरान पर्याप्त जगह नहीं बचने से निजी बस स्कूल बस के पीछे जा भिड़ी। टक्कर के कारण दोनों बसों में सवार कई लोगों को चोटें आईं। इनमें कुछ स्कूली बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने डायल-112, पुलिस वाहन और निजी वाहनों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार शुरू किया। घायलों में कुछ की हालत गंभीर होने की जानकारी भी सामने आई है, हालांकि प्रशासन की ओर से अभी घायलों की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है।

कलेक्टर-एसपी ने अस्पताल पहुंचकर ली जानकारी

हादसे की सूचना मिलने के बाद कलेक्टर राजीव मीणा और पुलिस अधीक्षक जिला अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और हादसे के संबंध में जानकारी ली। मरीजों से यह भी पूछा गया कि हादसा किस तरह और किन परिस्थितियों में हुआ।
कलेक्टर राजीव मीणा ने कहा कि हादसा कैसे हुआ, इसकी जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
samachardoot
Author: samachardoot

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें