कोरबा : इंटरनेट मीडिया पर हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में कटघोरा निवासी नितेश मिरी उर्फ मिंटू मिरी के विरुद्ध पुलिस ने एफआइआर दर्ज की है। कटघोरा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 299 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले को लेकर भाजपा पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने थाने पहुंचकर आरोपित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।
बताया गया कि नितेश मिरी के इंस्टाग्राम खाते से भगवान शिव और भगवान राम सहित हिंदू देवी-देवताओं को लेकर आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित की गई। यह सामग्री इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला तूल पकड़ने लगा। इसके बाद भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मीना शर्मा, जिला उपाध्यक्ष मनोज डिक्सेना समेत पार्टी पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक कटघोरा थाने पहुंचे तथा लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायतकर्ताओं ने कहा कि सावन माह में देवी-देवताओं के विरुद्ध इस तरह की अभद्र टिप्पणी से श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मीना शर्मा ने कहा कि आरोपित के खाते से भगवान शिव और भगवान राम के संबंध में आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया है। उन्होंने प्रशासन से मामले में कठोर कार्रवाई की मांग की।
मीना शर्मा ने कहा कि आरोपित ने पूछताछ में सामग्री को कहीं और से प्राप्त होने और स्वयं की ओर से तैयार नहीं करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि सामग्री तैयार करने वाले और उसे प्रसारित करने वाले सभी संबंधित लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जानी चाहिए।
पोस्ट के स्रोत की भी जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपित के इंटरनेट मीडिया खाते के साथ ही संबंधित पोस्ट के स्रोत और उसे प्रसारित करने वाले अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।










