वाड्रफनगर में ज्वेलर्स दुकान से लाखों की चोरी, शटर तोड़ जेवर और डीवीआर ले भागे चोर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अंबिकापुर: बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर मुख्य बाजार स्थित अरविंद ज्वेलर्स में रविवार की रात चोरों ने लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। चोर साक्ष्य मिटाने की नीयत से दुकान में लगा सीसी कैमरे का डीवीआर भी साथ ले गए। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

अरविंद ज्वेलर्स मुख्य बाजार में स्थित है। यह अरविंद सोनी की दुकान है। भूतल पर दुकान और प्रथम तल पर परिवार का निवास है। रोज की तरह रात में दुकान बंद कर परिवार के सदस्य सो गए थे। सुबह जब दुकान खोली गई तो शटर का ताला टूटा मिला और शटर ऊपर उठा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो गल्ले और लॉकर में रखे सोने-चांदी के जेवर गायब थे।

चोरों ने पहले ताला तोड़कर शटर को ऊपर उठाया और फिर अंदर प्रवेश कर जेवरात ले गए। प्रारंभिक जांच में पता चला कि चोर दुकान में लगे सीसी कैमरे का डीवीआर भी उखाड़कर ले गए, ताकि पहचान के सबूत न मिल सकें।दुकान संचालक अरविंद सोनी ने बताया कि त्योहारों का सीजन होने के कारण मरम्मत के लिए आए पुराने सोने-चांदी के जेवर भी दुकान में रखे थे। चोर वे सभी जेवर भी ले गए। अभी चोरी गए सामान का मिलान किया जा रहा है। मिलान के बाद ही कुल नुकसान की सही जानकारी मिल पाएगी। अभी तक चोरी की रकम का आंकलन नहीं हो सका है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दुकान और आसपास के इलाके की जांच की गई। आसपास की अन्य दुकानों में लगे सीसी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई। फुटेज में कुछ लोग चेहरे पर कपड़ा बांधे हुए नजर आए हैं। पुलिस को आशंका है कि वही लोग चोरी की घटना में शामिल हो सकते हैं।साक्ष्य जुटाने के लिए बलरामपुर से खोजी कुत्ता भी मंगाया गया है।

पुलिस टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। इससे पहले भी वाड्रफनगर में दीपक अलंकार ज्वेलर्स में चोरी की घटना हो चुकी है, जिसका राजफाश अब तक नहीं हो सका है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में असुरक्षा का माहौल है। व्यापारियों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और बाजार में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग की है।पुलिस का कहना है कि सीसी कैमरे के फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।

samachardoot
Author: samachardoot

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें