नरसिंहपुर। जिले की गोटेगांव तहसील अंतर्गत ग्राम राजा कछार स्थित शिक्षा के मंदिर में हाथों में कलम थामकर अपना भविष्य गढ़ने वाली मासूम बच्चियों से स्कूल परिसर में चाय बनवाने और झूठे बर्तन धुलवाने जैसा काम कराया जा रहा है।
सर्व शिक्षा अभियान के बड़े-बड़े दावे कर रही
सोशल मीडिया पर इस कृत्य का वीडियो वायरल होते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। सरकार बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ और सर्व शिक्षा अभियान के बड़े-बड़े दावे कर रही है।
मौलिक अधिकारों का हनन और मानसिक विकास पर सीधा कुठाराघात
जिम्मेदार शिक्षकों की यह लापरवाही बाल अधिकार और सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती है। स्कूली समय में बच्चों से ऐसे कार्य कराना उनके मौलिक अधिकारों का हनन और मानसिक विकास पर सीधा कुठाराघात है।
दोषी कर्मचारियों पर तत्काल सख्त से सख्त कार्रवाई हो
अभिभावकों का कहना है कि हम अपने बच्चों को सुनहरे भविष्य और अच्छी शिक्षा की उम्मीद में स्कूल भेजते हैं, न कि शिक्षकों के बर्तन साफ करने के लिए। दोषी कर्मचारियों पर तत्काल सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।










