पुलिस ने जीप से बांधा, फिर बरसाईं दनादन लाठियां; गुजरात में लिव-इन पार्टनर हत्याकांड के आरोपी फैजल की पिटाई का वीडियो वायरल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भावनगर। गुजरात के भावनगर से पुलिस कार्रवाई का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक व्यक्ति पुलिस की जीप से बंधा दिखाई दे रहा है और पीछे से एक पुलिसकर्मी उस पर लाठियां बरसाता नजर आ रहा है।

वीडियो के दूसरे हिस्से में यही व्यक्ति एक बेंच पर लेटा हुआ दिखाई देता है और पुलिसकर्मी उसकी पिटाई करते नजर आते हैं। दोनों वीडियो में व्यक्ति के हाथ बंधे हुए हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

भावनगर का है पूरा मामला

वीडियो में पुलिस की पिटाई का शिकार दिखाई दे रहा व्यक्ति फैजल लखानी है। फैजल फिलहाल पुलिस की गिरफ्त में है और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई चल रही है। हालांकि, क्राइम सीन रिक्रिएशन के दौरान हुई उसकी पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।

काजल बरैया की हत्या का आरोपी फैजल

फैजल लखानी पर अपनी लिव इन पार्टनर काजल बरैया की हत्या का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, भावनगर शहर के बस स्टैंड पर फैजल ने काजल की बेरहमी से पिटाई की थी। यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई थी। फुटेज में फैजल काजल को लात-घूंसों से पीटता दिखाई दे रहा है। आसपास मौजूद लोग घटना के दौरान मूकदर्शक बने रहे।

सात साल से साथ रह रहे थे फैजल और काजल

पुलिस उपाधीक्षक आर आर सिंघल ने बताया कि घटना नीलम बाग थाना क्षेत्र में हुई थी। उनके मुताबिक, काजल बरैया और फैजल लखानी करीब सात साल से फुटपाथ पर एक साथ रह रहे थे। फैजल का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ डकैती और अन्य गंभीर अपराधों के मामले दर्ज हैं।

जेल से बाहर आने के बाद भड़का था फैजल

पुलिस के अनुसार, फैजल पहले जेल में था। इसी दौरान काजल के उसके परिचित रवि के साथ संबंध बन गए। जेल से बाहर आने के बाद जब फैजल को इसकी जानकारी मिली तो वह कथित तौर पर बुरी तरह भड़क गया। इसके बाद उसने काजल और रवि दोनों पर हमला कर दिया।

इलाज के दौरान काजल की मौत

हमले में काजल गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उसे इलाज के लिए सर टी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने फैजल को गिरफ्तार कर लिया। सिंघल के मुताबिक, शुक्रवार को फैजल को हत्या और अन्य धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया।

क्राइम सीन रिक्रिएशन के दौरान हुई पिटाई

काजल की हत्या के बाद पुलिस फैजल को शनिवार को उसी स्थान पर लेकर गई, जहां उसने महिला के साथ मारपीट की थी। यहां क्राइम सीन रिक्रिएशन कराया गया। इसी दौरान सामने आए वीडियो में पुलिसकर्मी फैजल की लाठियों से पिटाई करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि हत्या बेहद बेरहमी से की गई थी और घटना से पुलिस की छवि को नुकसान पहुंचा था, इसलिए उन्होंने ‘एक कदम आगे बढ़कर’ कार्रवाई की।

samachardoot
Author: samachardoot

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें