पश्चिमी सिंहभूम जिला पुलिस की ओर से नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार को गुप्त सूचना पर पुलिस ने दो लाख के इनामी नक्सली पीएलएफआई के एरिया कमांडर सुजीत कुमार राम उर्फ साहू जी को दो सहयोगियों राजू भुइयां व महावीर सिंह के साथ आंनदपुर थाना क्षेत्र के बोरोतिका गांव के नवनिर्मित घर से गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने मौके से पांच रायफल, एक पिस्टल, एक दोनाली बंदूक, पांच मैगजीन, 17 जिंदा कारतूस समेत भारी मात्रा में कारतूस, मोबाइल पैसे आदि बरामद किया है। एसपी अजय लिंडा ने मनोहरपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी शनिवार को दी।
हत्या, लेवी समेत कई मामलों का आरोपी है सुजीत: एसपी
प्रेसवार्ता में एसपी अजय लिंडा ने कहा कि सुजीत कुमार राम उर्फ साहू जी पर आंनदपुर में चार, मनोहरपुर में एक, गुदड़ी में दो, बंदगांव में एक, सिमडेगा के बानो में एक, ओडिशा के बिसरा में एक समेत कुल दस मामले दर्ज हैं। इसमें हत्या, लेवी समेत कई मामले हैं। उन्होंने बताया कि साहू जी चाईबासा, सिमडेगा, खूंटी जिला के सीमा क्षेत्रों में आतंक का पर्याय था। साहू जी पर जिला पुलिस ने दो लाख का इनाम रखा था। उन्होंने पुलिस के लिए बड़ी सफलता बताते हुए आगे भी अभियान जारी रखने की बात कही।
ये समान हुए बरामद
पचास हजार रुपये नकद, पांच रायफल, 17 जिंदा कारतूस, 3 मैगजीन, एक देसी पिस्टल, 2 मैगजीन, एक दोनाली बंदूक, आठ चक्र दोनाली बंदूक का जिंदा कारतूस, 30 अदद 25 एमएम का जिंदा कारतूस, 3 वायरलेस सेट, एक वॉकी-टॉकी चार्जर, 8 मोबाइल, 2 सिम, एक चार्जर, 3 पावर बैंक, एक मैगजीन पाउच, एक बैग, एक पीएलएफआई का पर्चा पैड सहित पीएलएफआई का चंदा रसीद बुक आदि।
दिनेश गोप जल्द होगा पुलिस की गिरफ्त में: लिंडा
एसपी अजय लिंडा ने बताया कि साहू जी विकास कार्यों में बाधक बना हुआ था। वह आंनदपुर, बानो आदि क्षेत्रों में कार्य करने वाले ठेकेदारों से लेवी वसूली कर पीएलएफआई सुप्रीमो दिनेश गोप तक लेवी का पैसा पहुंचाता था। वह क्षेत्र में मारपीट कर ग्रामीणों को धमकाता था। बताया कि दिनेश गोप से जिला पुलिस का अबतक 4 बार एनकाउंटर हो चुका है। इसमें वह बाल-बाल बच चुका है। जल्द ही दिनेश गोप भी पुलिस को गिरफ्त में होगा।
चार महीने से पुलिस चला रही है अभियान
एसपी ने बताया कि चाईबासा पुलिस चार महीने से क्षेत्र में लगातार अभियान चला रही है। इस क्रम में शनिचर सुरीन का एनकाउंटर किया गया। जबकि पीएलएफआई नक्सली अजय पूर्ति को उसके साथियों के साथ गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, साहू जी की गिरफ्तारी से क्षेत्र में पीएलएफआई की कमर टूट गई है। उन्होंने कहा कि सुप्रीमो दिनेश गोप व गोइलकेरा क्षेत्र का एरिया कमांडर मंगरा लुगुन भी जल्द ही गिरफ्तार होगा।
अभियान में शामिल पुलिसकर्मी को करेंगे सम्मानित
एसपी ने बताया कि साहू जी के बारे पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी। इसकी गिरफ्तारी के लिए मनोहरपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दाऊद कीड़ो के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक फागु होरो, मनोहरपुर थाना प्रभारी अमित कुमार, आनंदपुर थाना प्रभारी संतोष गुप्ता, एसआई मनीष यादव, सैट के जूलियस एक्का, संतोष कुमार समेत पुलिस दल की टीम गठित की गई थी। अभियान में शामिल सभी पुलिसकर्मियों को जिला पुलिस बल को सम्मानित किया जाएगा।
प्रेस वार्ता के दौरान अधिकारी थे उपस्थित
एसपी अजय लिंडा, एएसपी नाथू सिंह मीणा, मनोहरपुर डीएसपी दाऊद कीड़ो, किरीबुरू डीएसपी अजय कुजूर, जगन्नाथपुर डीएसपी इकुड़ डुंगडुंग, मनोहरपुर पुलिस निरीक्षक फागु होरो, थाना प्रभारी अमित कुमार, आनंदपुर थाना प्रभारी संतोष गुप्ता आदि मौजूद थे।









