Crime News : वह लड़का कहां है बोलकर मेडिकल छात्रों को मारा था चाकू, पांच घंटे के भीतर पांच गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कालेज अस्पताल के चार छात्रों पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले पांच आरोपितों को गढ़ा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सभी हमलावर वारदात के पांच घंटे के भीतर पकड़े गए। इधर हमले के विरोध में मेडिकल छात्रों ने एबीवीपी के कायकर्ताओं के साथ डीन कार्यालय के सामने धरना दिया और हमले का विरोध किया।

 

मेडिकल में इंटर्नशिप कर रहे हैं छात्र : गढ़ा थाना प्रभारी राकेश तिवारी ने बताया कि शुक्रवार रात मेडिकल छात्रावास के सामने चिकित्सा छात्रों पर हमला किया गया था। मौके पर पहुंची पुलिस को मुकेश छाबड़ा 23 वर्ष निवासी आनंदपुर कुटिया के सामने सुभाष नगर सिंधी कैम्प जिला सागर वर्तमान पता छात्रावास क्रमांक-1 मेडिकल कालेज ने बताया कि वह मेडिकल में इंटर्नशिप कर रहा है। घटना की रात लगभग आठ बजे वह अपने दोस्तों के साथ गणेशजी की मूर्ति लेकर स्थापना कराने छात्रावास जा रहा था। जैसे ही छात्रावास क्रमांक-1 के सामने मेन रोड पर पहुंचा तभी कुछ अज्ञात लड़के आए और गालीगलौज करते हुए बोले कि वह लड़का कहां का है। वह कुछ समझ पाता तब तक अज्ञात युवकों ने मारपीट शुरू कर दी। उनमें से एक लड़के ने कहा कि अजय पटेल सामान निकाल आज काम तमाम कर देते हैं। जिसके बाद जान से मारने की नीयत से से अजय पटेल ने पास रखे चाकू से हमला कर दिया। वह चिल्लाया तो उसके साथी प्रकाश, हरफूल चौधरी, अनवेश प्रताप सिंह ने बीच बचाव किया। अजय पटेल ने चाकू से हमला कर प्रकाश एवं अनवेष के पेट एवं हरफूल को पीठ में चोटें पहुंचा दी और गाली गलौज करते हुए भाग गए। धारा 294, 307, 34 का प्रकरण दर्ज किया गया। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बहुगुणा ने हमलावरों को पकड़ने के लिए पृथक से पुलिस टीमों का गठन किया। गठित टीमों के द्वारा लगातार पतासाजी कर संभावित स्थानों पर दबिश देते हुए मुख्य आरोपित अजय पटेल उर्फ अज्जू 20 वर्ष निवासी टेमरभीटा थाना गोराबाजार को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। जिसके बाद उसके अन्य साथी दुर्गेश पटेल 19 वर्ष, दीपक पटेल 20 वर्ष, अभिषेक भारती 20 वर्ष एवं एक 17 वर्षीय किशोर सभी निवासी टेमरभीटा थाना गोराबाजार को गिरफ्तार किया गया। वारदात के पांच घंटे के भीतर आरोपितों को गिरफ्तार करने में थाना प्रभारी राकेश तिवारी, उप निरीक्षक प्रशांत शुक्ला, प्रधान आरक्षक जगदीश, आरक्षक अश्वनी, सचिन, निकेश, अरुण, राजेश्वर की भूमिका रही।

samachardoot
Author: samachardoot

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें