Jabalpur News: गले में चाकू घोंपकर प्रेमी ने की थी हत्या, खंडहर में मिला युवती का शव, आरोपित को आज कोर्ट में पेश करेगी पुलिस

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। झंडा चौक रांझी से लापता युवती का कंकालनुमा शव करीब 117 दिन बाद वीएफजे इस्टेट के खंडहरनुमा आवास में मिला। युवती की हत्या के आरोप में उसके प्रेमी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दूसरी जगह शादी तय होने तथा युवती द्वारा बातचीत बंद कर देने से नाराज प्रेमी ने गले में चाकू मारकर उसकी हत्या कर दी थी।

 

हत्या करने के बाद खंडहर में शव छिपाकर भाग गया था। युवती के लापता होने के बाद आरोपित प्रेमी उसकी गुमशुदगी दर्ज कराने के लिए स्वजन के साथ पुलिस थाना पहुंचा था। इतना ही नहीं वह आए दिन युवती के स्वजन पर आरोप लगाता रहा कि वे उसे झूठे मामले में फंसाने की धमकी दे रहे हैं। रांझी थाना प्रभारी विजय सिंह परस्ते ने बताया कि वंशकार मोहल्ला सुभाष नगर झंडाचौक निवासी नंदकिशोर वंशकार की बेटी खुशबू उर्फ अंजली वंशकार 23 वर्ष 31 मई को घर से बिना बताए कहीं चली गई थी। स्वजन की सूचना पर गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस उसकी पतासाजी में जुटी थी। युवती का पता न चलने पर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बहुगुणा के निर्देश पर पृथक से टीम गठित कर तलाश शुरू की गई थी। गिरफ्तार आरोपित को आज शनिवार को रांझी पुलिस कोर्ट के समक्ष पेश करेगी।

पूछताछ में प्रेमी ने उगली हकीकत: खुशबू की तलाश में जुटी पुलिस टीम ने उसके पूर्व प्रेमी आकाश बेन 23 वर्ष निवासी गंगा मैया रांझी को संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ में उसने बताया कि खुशबू से उसके प्रेम संबंध थे। इसी बीच उसे पता चला कि खूशबू किसी और लड़के से बात करने लगी है। खुशबू ने उससे शादी करने से मना कर दिया था। 31 मई को दोपहर एक बजे आकाश ने खुशबू को मिलने के लिए सुभाष नगर बुलाया था। जहां से उसे अपनी मोपेड पर बैठाकर घुमाने के बहाने वीएफजे इस्टेट ले गया। जहां मोपेड खड़ी कर धोबीघाट से पैदल खंडहरनुमा आवास की पहली मंजिल पर पहुंचा। वहां उसने खुशबू से बातचीत शुरू की परंतु उसने विवाह करने से मना कर दिया। जिससे आक्रोश में आए आकाश ने खुशबू के गले पर चाकू से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया और शव को खंडहर में छिपाकर चला गया।

स्वजन के साथ पहुंचा था रिपोर्ट लिखाने: खुशबू के घर से लापता होने के बाद स्वजन उसकी तलाश में जुटे थे। आरोपित आकाश भी स्वजन के साथ खुशबू की तलाश का नाटक करता रहा। रांझी थाने में खुशबू की गुमशुदगी दर्ज कराने के लिए भी वह स्वजन केे साथ पहुंचा था। गुमशुदगी दर्ज होने के कुछ दिन बाद आकाश खुशबू के स्वजन के खिलाफ शिकायत करने लगा था। उसका आरोप था कि खुशबू के स्वजन उसे झूठे प्रकरण में फंसाने की धमकी दे रहे हैं। जिसके बाद उस पर पुलिस का संदेह बढ़ता गया।

एफएसएल टीम मौके पर पहुंची: एफएसएल अधिकारी डा. सुनीता तिवारी ने घटनास्थल का जायजा लिया। खंडहरनुमा मकान में खुशबू की खोपड़ी व शरीर के अन्य अंगों की हडि्डयां, सिर बाल, चप्पल आदि मिले। पुलिस अधीक्षक बहुगुणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय अग्रवाल, सीएसपी रांझी एमपी प्रजापति ने नरकंकाल रूपी हड्डियों को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कालेज अस्पताल भेजा गया है।

इनकी रही भूमिका: प्रकरण के खुलासे में रांझी थाना प्रभारी परस्ते, एसआइ आरके मार्को, महिमा रघुवंशी, एएसआइ कैलाश मिश्रा, लेखमणि मरकाम, प्रधान आरक्षक धीरेंद्र तिवारी, शरदधर, आरक्षक वीरेंद्र पटेल, साकेत, अविनाश, प्रिंस की भूमिका रही।

samachardoot
Author: samachardoot

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें