रायगढ़. रायगढ़ शहर में अच्छी सड़क का सपना सिर्फ सपना बनकर रह गया उस पर अमृत मिशन योजना से बची खुची सड़क भी अपना स्वरूप खो चुकी है। पिछले कुछ सालों से पाईप लाईन बिछाने के नाम पर अमृत मिशन योजना के तहत पूरे शहर की सड़क को खोद डाला गया है, इन सड़क में खोदने की वजह हर मोहल्ले में लोग दिन रात धूल खाते हुए बीमार पड़ गए थे। इतना ही नही इनके गड्ढो से कईयों को गंभीर चोट भी आई थी। इसके बाद भी नगर निगम ने कोई सबक नही लिया है। कहने को तो अमृत मिशन योजना जनहित की है लेकिन शहरवासियों ने यह नही सोंचा था कि अमृत मिशन के ठेकेदार सड़क के पूरे हिस्से को उखाड डालेंगे।
निगम इस मामले में मौन वत्र साधे हुए है जबकि करोड़ो रूपए की लागत से बनाई गई सड़कों पर कम से कम नुकसान हो इसके लिए पहले से ठोस योजना बनानी चाहिए थी। जनता के टैक्स के पैसे की ऐसी दुर्दशा शायद ही कहीं देखने को मिले कि नई सड़क बने और उसे पाईप लाईन बिछाने के नाम पर तहस नहस कर दिया जाए और फिर नई निविदा जारी करके फिर से उसी सडक को सुधार के नाम पर बना दिया जाए। इसी क्रम में शनिवार की दोपहर बैंक कालोनी हिमालया हाईट्स के पास साल भर बनी नई सड़क को पाईप लाईन बिछाने के लिए खोद डाला गया। इस वजह से इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। साथ ही इस मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें भी लग गई थी।

नगर निगम के द्वारा अमृत मिशन योजना अचानक फिर से शुरू होनें से नई सड़कें खोदने का काम भी जोर शोर से शुरू हो गया है। इस समस्या से आज बैंक कालोनी के लोग जूझते रहे चूंकि हाल ही में यहां बनी नई सड़क को बीचो बीच अमृत मिशन योजना के तहत पाईप लाईन का काम छूट जाने को पूरा करने के लिए फिर से केवल खोद दिया गया बल्कि पूरे मार्ग पर दिन भर बंद रखा गया है। इस कार्य को नगर निगम के अधिकारियों की देखरेख में अगर पहले कर लिया होता तो आज फिर से नई सड़क नही खोदी जाती।

निगम में बैठे हुए चुने हुए जनप्रतिनिधि ऐसे मामलों में चुप्पी साधे हुए हैं और ऐसा लगता है कि उन्हें जनता की समस्याओं से कोई लेना देना नही है। पहले औद्योगिक प्रदूषण का रोना रोया जाता था लेकिन जिला मुख्यालय सहित आसपास के इलाकों में जर्जर सड़कों से उड़ने वाली धूल औद्योगिक प्रदूषण से कहीं ज्यादा खतरनाक हो चुकी है और खुदी हुई सड़कों से रोजाना मौतों के आंकड़े भी रिकार्ड दर रिकार्ड तोड़ते जा रहे हैं। बावजूद इसके नेताओं के सिर पर जूं तक नही रेंग रही।

शनिवार को शहर के बोईरदादर क्षेत्र में स्थित हिमालया हाईट्स, बैंक कालोनी मार्ग में स्थित एकमात्र सड़क, यहां के रास्ते को पूरी तरह से ब्लाॅक करके जेसीबी के जरिए कई घंटों तक साल भर पहले बनी यहां की नई सड़क को खोद डाला गया। जबकि इस क्षेत्र में कई अधिकारी, कर्मचारी, प्लांट कर्मियों के अलावा कई बैंक के अधिकारी अपने परिवार के साथ निवास करते हैं। दोपहर से अमृत मिशन के तहत यहां काम चालू किया गया, जिससे देर शाम तक इस क्षेत्र में रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा और लोग सड़क में ही अपना वाहन छोड़कर घर जाने पर विवश हो गए। जिससे इस मार्ग में वाहनों की लंबी कतारे भी देखी गई। लोगों ने इस बात पर निगम में बैठे अधिकारी व नेताओं को कोसा, कि आखिरकार सड़क बनने से पहले अमृत मिशन की पाईप लाईन का काम पूरा क्यों नही किया गया और अब सड़क बनने के बाद फिर से सडक को तहस नहस कर दिया गया। जिससे दुर्घटनाओं में बढ़ोतरी होगी।
मरीन ड्राईव की सुंदरता पर अमृत मिशन का लगा ग्रहण
शहर में बढ़ते यातायात की समस्या को देखते हुए करोड़ो रूपए की लागत से सीएसआर मद की राशि से केलो नदी के दोनों किनारों में मरीन ड्राईव का निर्माण किया गया था। जहां की संुदरता पहले कभी देखते ही बनती थी। सुबह और शाम के वक्त लोग यहां वक्त गुजारने पहुंचते थे। मगर जब से जिले में अमृत मिशन योजना का काम चालू हुआ है। शहर की सड़के ही नही अपितु मरीन ड्राईव को भी बुरी तरह खोद डाला गया है। आलम यह है कि आज यहां कोई झांकने तक नही आता। साल भर से अधिक का समय बीत जाने के बावजूद अमृत मिशन योजना का ग्रहण लिए मरीन ड्राईव अपनी बदहाली पर आंसु बहा रहा है। मरीन ड्राईव की सड़क अस्त व्यस्त होनें की वजह से शहर में यातायात का दबाव एक बार फिर से बढ़ चुका है। सुबह व शाम शहर में जाम की स्थिति देखी जा सकती है। निगम प्रशासन को इस गंभीर समस्या पर चिंतन करते हुए जल्द ही मरीन ड्राईव का काम पूरा कराने की जनहित में जरूरत है।

अमृत मिशन योजना के ठेकेदार कर रहे मनमानी- शुभम
क्षेत्र के युवा शुभम सिंह का कहना था कि अमृत मिशन में भारी लापरवाही देखी जा रही है। अमृत मिशन योजना के काम में ठेकेदारों के द्वारा कही भी गड्ढे खोद दिए जा रहे है और बगैर काम पूरा किये अधूरे में ही छोड़ दिया जा रहा है और न ही संबंधित जगहों में कोई मार्क किया जा रहा है जिसमे कभी भी बड़ी दुर्घटना होने के आशंका हैं और मुख्य मार्ग में दिन के समय ही गढ्डेे कर काम किया जा रहा है जिससे आमजन को समस्या से जूझना पड़ रहा हैं और हमेशा खतरे का डर बना रह रहा है। शनिवार की दोपहर बगैर किसी सूचना के बीच सड़क में जेसीबी अडाकर सड़क को खोद डाला गया जो लापरवाही को उजागर करता है।









