डेस्क न्यूज। जंगली हाथियों के झुण्ड ने किसानों की पांच बीघा गन्ने की फसल को बर्बाद कर दिया। किसानों ने वन प्रभाग से मुआवजे की गुहार लगाई है। एक माह से हाथियों का झुण्ड बिशनपुर, कुण्डी, कटारपुर व चांदपुर के नजदीक खेतों में आ रहे हैं। किसानों के रोकथाम के उपाय करने के बावजूद हाथियों के झुंड गन्ने की फसलों को बर्बाद करने में लगे हुए हैं।
किसान बबलू, सुनील चौहान, रमेश कुमार, दीपक चौहान, पंकज चौहान, बलबीर सिंह ने बताया की हाथियों का झुंड खेतों में पिछले एक माह से लगातार आ रहा है और फसल को बर्बाद कर रहा है। सोमवार रात भी हाथियों ने किसान सोमपाल की करीब दो बीघा व राजेश की एक बीघा, सोमपाल की दो बीघा गन्ने की फसल को बर्बाद कर दिया है। किसानों का कहना है कि अगर जल्द वन प्रभाग रात में गंगा किनारे वन कर्मियों की गश्त नहीं लगता है तो वह आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
किसानों में धीरज कुमार, नूतन कुमार, संदीप चौहान, हुकम सिंह, राम कुमार, बबलू, राजेंद्र चौहान, राकेश चौहान, टीटू चौहान, दिनेश चौहान, चरण सिंह, पंकज चौहान ने वन प्रभाग से रात में गंगा किनारे गश्त व बर्बाद फसलों के मुआवजे की गुहार लगाई है। उपवन क्षेत्र अधिकारी गजेंद्र सिंह ने बताया हाथियों की रोकथाम के लिये कई उपाय किये गए। हाथी गन्ने व धान को खाने के प्रयास में अक्सर खेतों में आते रहते हैं। जांच कर किसानों को उचित मुआवजा दिलाया जाएगा।









