स्वाइन फ्लु ने बढ़ाई चिंता, 2 और महिलाओं की मौत , 16 नए मरीज मिले, अब तक प्रदेश में….पढ़िये पूरी खबर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रायपुर। स्वाइन फ्लू से मौत का सिलसिला जारी है। यहां दो और मरीजों की इलाज के दौरान मौत हुई है। दोनों 62 साल की महिलाएं हैं, जिन्हें स्वाइन फ्लू के साथ दूसरी गंभीर बीमारियां भी थीं। इसी के साथ पिछले डेढ़ महीनों में स्वाइन फ्लू से मरने वालों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है। जबकि संक्रमित की संख्या 161 पहुंच गई है।

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक मरने वालों में एक महिला बिलासपुर जिले की थी। वहीं दूसरी महिला रायपुर जिले की ही निवासी थी। इनमें से एक को रायपुर एम्स में भर्ती कराया गया था। दूसरी महिला का इलाज रायपुर के ही एक निजी अस्पताल में हो रहा था। उनमें कई दिन पहले स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई थी।

उससे पहले बुधवार को बिलासपुर के एक निजी अस्पताल में 35 साल कह महिला की मौत हुई थी। इन दो मौत को मिलाकर इस साल स्वाइन फ्लू से मरने वालों की संख्या बढ़कर 9 तक पहुंच गई है। इस बीच प्रदेश भर में स्वाइन फ्लू के 16 नए मामलों की पुष्टि हुई है। इनमें से 14 केस अकेले रायपुर जिले से ही आए हैं। एक केस रायगढ़ और एक सूरजपुर से रिपोर्ट हुआ है।

आंकड़ों से दिख रहा है कि रायपुर शहर स्वाइन फ्लू संक्रमण का हॉटस्पॉट बन रहा है। अब तक प्रदेश भर के स्वाइन फ्लू के 161 मामलों की पुष्टि हुई है। उनमें से 92 मामले यानी कुल मामलों का 57.14% रायपुर के ही हैं। यहां अब भी 54 मरीजों का इलाज चल रहा है। वहीं प्रदेश भर में सक्रिय मरीजों की कुल संख्या 86 है। प्रदेश के दूसरे जिलों के अधिकतर मरीज भी रायपुर में ही हैं। दूसरे प्रदेशों से आए 7 मरीजों की इलाज भी यहां चल रहा है।

प्रदेश के 17 जिलों में स्वाइन फ्लू के मरीज मिल चुके हैं। इनमें से 13 जिलों यानी रायपुर, दुर्ग, धमतरी, रायगढ़, दंतेवाड़ा, बलौदा बाजार, बिलासपुर, बस्तर, कोरबा, कोरिया, जांजगीर-चांपा, गरियाबंद और सूरजपुर जिलों में स्वाइन फ्लू के मामले हैं। रायपुर के बाद सबसे अधिक 6 एक्टिव केस दुर्ग जिले में हैं। उसके बाद धमतरी-बस्तर में 4-4, रायगढ़ में 3 और शेष जिलों के एक-एक मरीज का इलाज हो रहा है।

स्वाइन फ्लू के मामले आमतौर पर सर्दियों में होते हैं। पर इसका वायरस मानसून में भी सक्रिय हो गया है। इससे बचने और सावधान रहने की जरूरत है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को मौसमी बीमारियों के साथ ही कोविड-19 और स्वाइन फ्लू से अलर्ट रहने की अपील की है। स्वाइन फ्लू के लक्षण भी कोरोना के लक्षणों से मिलते-जुलते हैं। इसमें खांसी, बलगम आना, गले में दर्द या खराश, जुकाम और कुछ लोगों को फेफड़ों में इन्फेक्शन होने पर सांस चढ़ने लग जाती है। जिन व्यक्तियों को इस तरह के लक्षण महसूस हो रहे हैं, उन्हें तुरंत स्वाइन फ्लू के साथ कोरोना की भी जांच कराना चाहिए।

samachardoot
Author: samachardoot

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें