Naxal Attack: छत्तीसगढ़ के बीजापुर में एक और नक्सल हमला… IED ब्लास्ट में 2 जवान घायल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बीजापुर। छत्तीसगढ़ में बीजापुर के बासागुड़ा में हुए IED ब्लास्ट में 2 जवान घायल हो गए। घायलों की पहचान मृदुल बर्मन और इशाक खान के रूप में हुई है।

दोनो CRPF के कोबरा बटालियन के जवान हैं। अधिकारियों ने बताया कि CRPF 229 बटालियन और कोबरा की ज्वाइंट टीम एरिया डोमिनेशन पर निकली थी। इसी दौरान IED ब्लास्ट की चपेट में आने से दोनों जवान घायल हो गए। अल सुबह दोनो घायल जवानों को एयरलिफ्ट कर रायपुर लाया गया है। देवेंद्र नगर स्थित निजी अस्पताल में इलाज जारी है। दोनो की सर्जरी की जा रही है।

ग्रामीण की हत्या का आरोपी नक्सली गिरफ्तार

इस बीच बीजापुर के गंगालूर थाना क्षेत्र के कमकानार के ग्रामीण मुकेश हेमला की हत्या के आरोपी नक्सली मंगल उइका को पुलिस ने कमकानार बाजार से गिरफ्तार किया है। बुधवार को उसे न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार गत वर्ष 22 दिसंबर को रेड्डी मुर्गा बाजार से वापसी के दौरान मुकेश हेमला को गंगालूर एरिया कमेटी के नक्सलियों ने मुखबिरी के संदेह में अपहरण कर हत्या कर दी थी।

उसका शव अगले दिन रेड्डी के सूखा तालाब के पास मिला था। इस मामले में डीआरजी की संयुक्त टीम ने घटना में शामिल आरोपित जन मिलिशिया सदस्य को पकड़ा है।

चिंतागुफा से सात नक्सली गिरफ्तार

वहीं सुकमा से खबर है कि चिंतागुफा थाना क्षेत्र के दुलेड़ के जंगल-पहाड़ से पुलिस ने गत वर्ष दुलेड़ के पास पिकअप वाहन में आगजनी व लूटपाट के सात नक्सलियों को पकड़ा है। पुलिस के अनुसार मेटागुड़ा कैंप से 203 कोबरा वाहिनी की संयुक्त टीम नक्सल विरोधी अभियान पर निकली थी।

इस दौरान दुलेड़ के जंगल में पुलिस पार्टी को देखकर छिपने व भागने का प्रयास कर रहे सात संदिग्धों को पकड़ा है। पकड़े गए आरोपित सोड़ी हिड़मा, माड़वी चंदू, मड़कम भीमा, सोड़ी सोमड़ा, सोड़ी बुधराम, सोड़ी कोसा व मड़कम हिड़मा पामेड़ थाना क्षेत्र के पीनाचंदा गांव के रहने वाले हैं।

आरोपियों ने नक्सल संगठन के साथ काम करने की बात स्वीकारी है। आरोपितों के विरुद्ध चिंतागुफा थाना में पहले से मामले दर्ज थे। सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

 

samachardoot
Author: samachardoot

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें