जशपुरनगर। आदिवासी मजदूरों को बंधक बना कर पिटाई करने और निर्वस्त्र कर वीडियो करने के मामले में पुलिस ने क़ृषि सेवा केंद्र का संचालक सहित तीन आरोपितो के विरुद्ध अपराध दर्ज किया है। मामला सन्ना थाना क्षेत्र का है।
शिकायत में पीड़ित मजदूर विल्सन तिर्की और आनंद कुजूर ने बताया कि 3 जुलाई की सुबह करीब 9 बजे उन्हें राहुल कृषि केंद्र बुलाया गया। वहां उनसे एक्सपायरी मक्का और धान बेचने तथा चोरी करने का आरोप लगाया गया। विरोध करने पर राहुल केसरी ने उन्हें मकान के अंदर ले जाकर मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि बाद में प्रियांशु केसरी और प्रेमचंद केसरी भी पहुंचे और तीनों ने मिलकर दोनों मजदूरों को निर्वस्त्र कर जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया तथा लात-घूंसों और थप्पड़ों से बेरहमी से पीटा। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि घटना का वीडियो भी बनाया गया। इसके बाद उन्हें घर से बाहर निकालकर फिर मारपीट की गई। विल्सन तिर्की का मोबाइल फोन और एक्टिवा स्कूटी की चाबी भी छीन लेने का आरोप लगाया गया है। मारपीट में विल्सन की आंख और कान में चोट आई, जबकि आनंद कुजूर की उंगली में चोट लगने की बात शिकायत में कही गई है।
एडिशनल एसपी राकेश पाटनवार ने बताया कि पुलिस जांच के आधार पर राहुल केसरी, प्रियांशु केसरी और प्रेमचंद केसरी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(2), 115(2), 127, 3(5) तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(1)(ड़), 3(1)(द), 3(1)(ध) एवं 3(2)(v क) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पीड़ितों के विरुद्ध भी एफआईआर –
जानकारी के लिए बता दें कि इस मामले सन्ना पुलिस ने दोनों पीड़ित मजदूर विलसन कुजूर और आनंद कुजूर के विरुद्ध दुकान संचालक राहुल केसरी की शिकायत पर धान और मक्का चोरी करने का अपराध पंजीबद्ध कर चुकी है।







