छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र का दूसरा दिन आज। प्रश्नकाल से होगी कार्यवाही की शुरुआत। विपक्ष अविश्वास प्रस्ताव की अनुमति मांगेगा, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय नक्सलवाद पर केंद्र सरकार का आभार जताएंगे। जानिए आज के एजेंडे की पूरी जानकारी।
छत्तीसगढ़ विधानसभा का दूसरा दिन: अविश्वास प्रस्ताव, नक्सलवाद और जनहित के मुद्दों पर रहेगी नजर
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को सदन की कार्यवाही प्रश्नकाल से शुरू होगी। आज सदन में कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। विपक्ष अविश्वास प्रस्ताव पेश करने की अनुमति मांगेगा, वहीं सरकार भी कई महत्वपूर्ण शासकीय कार्य सदन के पटल पर रखेगी।
प्रश्नकाल के दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री लखन लाल देवांगन और मंत्री गजेंद्र यादव सदस्यों के सवालों के जवाब देंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में मिली सफलता को लेकर केंद्र सरकार के प्रति सदन में आभार व्यक्त करेंगे।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी विभिन्न प्रतिवेदन और पत्र सदन के पटल पर रखेंगे। साथ ही प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण अधिनियम के तहत शासकीय संकल्प भी पेश करेंगे। मंत्री ओपी चौधरी और मंत्री टंक राम वर्मा शासकीय विधि विषयक कार्यों को पुनःस्थापित करेंगे।
ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के तहत प्रदेश में पुरातात्विक धरोहरों और पुरावशेषों के संरक्षण का मुद्दा उठेगा। वहीं, जांजगीर-चांपा जिले में परिवार नियोजन प्रोत्साहन राशि के वितरण में कथित अनियमितताओं का मामला भी सदन में गूंजेगा।
इसके अलावा विधायक सुशांत शुक्ला, भावना बोहरा और रोहित साहू विभिन्न याचिकाएं सदन में प्रस्तुत करेंगे। दूसरे दिन की कार्यवाही में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच कई अहम मुद्दों पर तीखी बहस होने की संभावना है।








