अमृत भारत स्टेशन योजना से बदली चांपा जंक्शन रेलवे स्टेशन की तस्वीर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बिलासपुर – 14 जुलाई 2026

 

रेल मंत्रालय की महत्वाकांक्षी “अमृत भारत स्टेशन योजना” के अंतर्गत देशभर के रेलवे स्टेशनों का चरणबद्ध तरीके से कायाकल्प किया जा रहा है। इस योजना का उद्देश्य स्टेशनों को आधुनिक, सुरक्षित, सुगम एवं यात्री-केंद्रित बनाते हुए विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है, जिससे यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव प्राप्त हो सके।

 

इसी क्रम में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल अंतर्गत चांपा रेलवे स्टेशन का उन्नयन एवं आधुनिकीकरण कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। लगभग 13 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन का व्यापक पुनर्विकास किया गया है, जिसके परिणामस्वरूप यह स्टेशन स्थानीय कला व संस्कृति की झलक के साथ आधुनिक सुविधाओं से युक्त आकर्षक एवं यात्री-अनुकूल स्वरूप में विकसित हुआ है।

 

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में हसदेव नदी के तट पर स्थित चांपा रेलवे स्टेशन हावड़ा–मुंबई मुख्य रेलमार्ग का एक महत्वपूर्ण जंक्शन है। इसकी रणनीतिक एवं व्यावसायिक महत्ता को ध्यान में रखते हुए स्टेशन का विकास इस प्रकार किया गया है कि यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाओं के साथ सुरक्षित, सुविधाजनक एवं सुखद यात्रा अनुभव प्राप्त हो।

 

अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत स्टेशन परिसर में अनेक आधुनिक एवं यात्री हितैषी सुविधाओं का विकास किया गया है। सर्कुलेटिंग एरिया का विस्तार एवं सौंदर्यीकरण, सड़कों का चौड़ीकरण, आकर्षक प्रवेश एवं निकास द्वार, सुव्यवस्थित वाहन पार्किंग, बुकिंग काउंटर का नवीनीकरण, आधुनिक द्वितीय श्रेणी एवं उच्च श्रेणी प्रतीक्षालय, वीआईपी कक्ष, नए प्लेटफॉर्म शेल्टर, महिलाओं, पुरुषों एवं दिव्यांगजनों के लिए आधुनिक शौचालय, लिफ्ट एवं टैक्टाइल टाइल्स, अत्याधुनिक ट्रेन एवं कोच डिस्प्ले बोर्ड, सीसीटीवी कैमरे, डिजाइनर साइनेज, स्ट्रीट लाइट एवं हाई मास्ट लाइट, बेहतर प्रकाश व्यवस्था तथा यात्रियों के लिए स्टेनलेस स्टील बैठने की व्यवस्था जैसी अनेक सुविधाएं विकसित की गई हैं।

इन आधुनिक सुविधाओं से न केवल यात्रियों को अधिक सुरक्षित, आरामदायक एवं सुगम यात्रा अनुभव प्राप्त होगा, बल्कि स्टेशन की कार्यक्षमता एवं सौंदर्य में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। साथ ही इस विकास से क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार, स्थानीय आर्थिक गतिविधियों तथा सांस्कृतिक विकास को भी नई गति मिलने की अपेक्षा है।

 

चांपा रेलवे स्टेशन का यह नया स्वरूप भारतीय रेलवे की आधुनिक, समावेशी एवं यात्री-केंद्रित सोच का प्रतीक है तथा अमृत भारत स्टेशन योजना के माध्यम से देश के रेलवे स्टेशनों को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

samachardoot
Author: samachardoot

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें