शिवपुरी/कोलारस। जिले के तेंदुआ थाना क्षेत्र के डेहरवारा गांव से अपहृत हुईं दो चचेरी बहनों के शव शनिवार को घर से तीन सौ मीटर दूर स्थित कुएं से बरामद किए गए।
पुलिस अब मामले में हत्या या आत्महत्या दोनों की एंगल से जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार डेहरवारा निवासी राजेंद्र धाकड़ की बेटी कीर्ति धाकड़ (16) और उनके भाई सुघर सिंह धाकड़ की बेटी पूनम धाकड़ (16) गुरुवार-शुक्रवार की मध्य रात्रि परिवार के साथ घर में ही सोई थीं। स्वजन के मुताबिक रात करीब एक बजे जब परिवार के लोगों की नींद खुली तो दोनों बिस्तर पर नहीं थीं।
स्वजन ने रात में ही गांव में तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद तेंदुआ थाने में सूचना दी गई। पुलिस ने 17 जुलाई को अपहरण का मामला दर्ज कर तलाश शुरू की।
शनिवार की सुबह दोनों बहनों के कुएं में पड़े मिले। फिलहाल यह सबसे बड़ा सवाल है कि दोनों नाबालिग आधी रात को घर से बाहर क्यों निकलीं और गहरे कुएं तक कैसे पहुंचीं। गांव में इसे लेकर हत्या और आत्महत्या दोनों तरह की चर्चाएं हैं।








