ग्वालियर। तिघरा बांध में इस समय आपूर्ति के लायक सिर्फ 840 एमसीएफटी पानी शेष है, जो शहर में सिर्फ 50 दिन तक आपूर्ति के लिए पर्याप्त माना जा रहा है। ऐसे में शहर में एक दिन छोड़कर पानी आपूर्ति के प्रस्ताव को अब परिषद की ओर भेजा गया है। परिषद से अंतिम निर्णय होने की स्थिति में एक दिन छोड़कर आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।
हालांकि पेहसारी से तिघरा में प्रतिदिन करीब 12 एमसीएफटी पानी की आवक हो रही है और शहर में भी लगभग इतनी ही मात्रा में पानी की प्रतिदिन सप्लाई की जा रही है।
दरअसल, तिघरा में वर्तमान में 1290 एमसीएफटी पानी उपलब्ध है, लेकिन इसमें से 450 एमसीएफटी पानी को डेड स्टोरेज माना जाता है यानी कि यह पानी आपूर्ति के लिए उपलब्ध नहीं होगा। उपयोग के लिए लगभग 840 एमसीएफटी पानी ही बांध में शेष है। वर्तमान खपत के हिसाब से यह पानी शहर में लगभग 50 दिन तक जलापूर्ति के लिए पर्याप्त माना जा रहा है।
जल संसाधन विभाग से शहर में एक दिन छोड़कर जलापूर्ति करने के संबंध में पत्र मिलने के बाद निगम आयुक्त ने इस संबंध में प्रस्ताव परिषद को भेज दिया है। अब परिषद की स्वीकृति मिलने के बाद ही शहर में एक दिन छोड़कर पानी सप्लाई करने का निर्णय लिया जा सकेगा। इस संबंध में पीएचई के अधिकारियों का कहना है कि अभी पेहसारी से तिघरा में लगातार पानी आ रहा है, लेकिन भविष्य को ध्यान में रखते हुए एक दिन छोड़कर आपूर्ति का प्रस्ताव परिषद को भेज दिया गया है।







