कोरबा में देशभक्ति का सैलाब: तेज वर्षा के बीच स्वतंत्रता दौड़ में उमड़ा जन समुदाय, दिया एकता का संदेश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कोरबा: जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग कोरबा के संयुक्त तत्वावधान में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सद्भावना, एकता एवं भाईचारे का संदेश देने के लिए 14 अगस्त को स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन किया गया। तेज वर्षा के बीच भी जिले के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों, खिलाड़ियों, युवाओं एवं नागरिकों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ स्वतंत्रता दौड़ में सहभागिता निभाई।

कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने सीएसईबी फुटबाल ग्राउंड कोरबा से स्वतंत्रता दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दौड़ सीएसईबी फुटबाल ग्राउंड से प्रारंभ होकर ट्रांसपोर्ट नगर चौक होते हुए वापस सीएसईबी ग्राउंड में पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने दौड़ में शामिल सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

कलेक्टर दुदावत एवं पुलिस अधीक्षक तिवारी ने कहा कि आज की स्वतंत्रता दौड़ में जिस उत्साह और उमंग के साथ सभी ने सहभागिता निभाई है, उसी प्रकार सभी के जीवन में भी उत्साह, उमंग और भाईचारा बना रहे। देश की एकता एवं अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी आपसी भाईचारे, सौहार्द और परस्पर सहयोग की भावना को मजबूत करते हुए समाज में एकता एवं सद्भावना का वातावरण बनाए रखने में अपना योगदान दें।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रतीक जैन ने कहा कि तेज वर्षा में भी सभी प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ स्वतंत्रता दौड़ में सहभागिता निभाई। यह युवाओं के राष्ट्रप्रेम का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि देश को आजादी स्वतंत्रता सेनानियों के कठिन संघर्ष, त्याग और वीरता से प्राप्त हुई है।

स्वतंत्रता का यह अमूल्य उपहार हमें राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझने और देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने स्वतंत्रता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए उत्साहपूर्वक दौड़ में शामिल सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

नगर पालिक निगम के आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने कहा कि तेज वर्षा के बीच भी सद्भावना एवं एकता के संदेश के साथ आयोजित स्वतंत्रता दौड़ में लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। यह आयोजन सभी के लिए यादगार रहेगा। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन सद्भावना और सामाजिक एकता की भावना को निरंतर मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने नागरिकों से नगर को स्वच्छ रखने में सहभागिता निभाने, पानी बचाने तथा बारिश के पानी का संरक्षण कर उसे सहेजने का आग्रह किया।

स्वतंत्रता दौड़ में सहायक कलेक्टर इशांत जायसवाल, ओएसडी तरुण कुमार किरण, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, एसडीएम सरोज महिलांगे सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

अधिकारियों ने धावकों का उत्साह बढ़ाते हुए समाज में परस्पर प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता की भावना को सुदृढ़ करने का संदेश दिया। इस अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी दीनू पटेल, नगर पालिक निगम एवं यातायात विभाग के अधिकारी-कर्मचारी विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, खिलाड़ी, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में नागरिक एवं युवा उपस्थित रहे।

samachardoot
Author: samachardoot

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें