रायपुर। त्योहारों की खरीदारी के लिए निकल रहे हैं तो केवल बाजार में ही नहीं, रास्ते में भी सतर्क रहिए। राजधानी में सक्रिय महिला चोर गिरोह भीड़, धक्का-मुक्की और अफरातफरी का फायदा उठाकर महिलाओं के गले से सोने की चेन पार कर रहा है।
ताजा मामला 18 अगस्त का है, जब बारिश के दौरान ई-रिक्शा में सफर कर रही समग्र शिक्षा की सहायक संचालक मंजु लता साहू के गले से करीब एक तोला वजनी सोने की चेन चोरी हो गई। उनके साथ ई-रिक्शा में छह महिलाएं और सवार हुई थीं।
पेंशनबाड़ा के हमर क्लिनिक के पास उतरने के बाद उन्हें चेन गायब होने का पता चला। कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना ऐसे समय हुई है जब रायपुर में पहले भी त्योहारी भीड़ का फायदा उठाकर महिला गिरोह चेन चोरी की कई वारदातें कर चुके हैं।
अप्रैल में पकड़ी गई थीं सात महिलाएं
10 अप्रैल को चंगोराभाठा बाजार में 66 वर्षीय निर्मला वर्मा के गले से सोने की चेन चोरी हुई थी। जांच के बाद पुलिस ने भाटागांव बस स्टैंड के पास लग्जरी इनोवा से सात महिलाओं और एक पुरुष को पकड़ा था। ये मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र से जुड़े थे। पूछताछ में रायपुर के कोतवाली, गोलबाजार, सरस्वती नगर और खमतराई जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में एक दर्जन से अधिक वारदातों का पता चला था।
2024 में भी सामने आया था बड़ा महिला गिरोह
रायपुर में नवरात्रि, दशहरा, रक्षाबंधन और अन्य त्योहारों के दौरान महिला चोर गिरोह की सक्रियता के मामले सामने आते रहे हैं। 14 अक्टूबर 2024 को दुर्गा प्रतिमा विसर्जन और नवरात्रि की भीड़ का फायदा उठाकर चेन चोरी करने वाले 11 महिलाओं के गिरोह को पुलिस ने पकड़ा था। इनके कब्जे से आठ सोने के हार बरामद किए गए थे। इससे पहले अगस्त 2024 में उत्तर प्रदेश से आई महिला चोर गिरोह की सदस्यों को पकड़ा गया था। इनके पास से चोरी की तीन सोने की चेन मिली थीं।
रायपुर में महिला गिरोह की प्रमुख वारदातें
- 16 अगस्त 2024- उत्तर प्रदेश से आए महिला गिरोह के सदस्यों को पुलिस ने पकड़ा। इनके पास से चोरी की तीन सोने की चेन बरामद हुई थीं। गिरोह त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ वाले बाजारों में सक्रिय था।
- 14 अक्टूबर 2024- दुर्गा प्रतिमा विसर्जन और नवरात्र की भीड़ को निशाना बनाने वाले 11 महिलाओं के गिरोह को पुलिस ने पकड़ा। इनके कब्जे से आठ सोने के हार बरामद किए गए।
- 7 अप्रैल 2026- गोलबाजार में त्योहार की खरीदारी के दौरान एक महिला के गले से सोने की चेन चोरी की गई। वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया।
- 10 अप्रैल 2026- चंगोराभाठा बाजार में 66 वर्षीय निर्मला वर्मा के गले से सोने की चेन चोरी हुई। जांच के बाद भाठागांव बस स्टैंड के पास इनोवा कार से सात महिलाओं और एक पुरुष को पकड़ा गया।
- 22 अगस्त 2026- रावतपुरा स्थित श्री गुरु ज्वेलर्स में दीवार तोड़कर चोरी के मामले का 72 घंटे में खुलासा किया गया। पुलिस ने दो महिलाओं सहित पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया और करीब दो किलो चांदी के जेवर तथा सोने के लाकेट बरामद किए।
महिला चोर गिरोह का वारदात पैटर्न
- पहले रेकी-त्योहार से पहले भीड़भाड़ वाले बाजार, सराफा क्षेत्र और खरीदारी के प्रमुख स्थानों की रेकी करती हैं।
- ग्राहक बनकर प्रवेश- गिरोह की महिलाएं अच्छे कपड़े पहनकर सामान्य ग्राहक की तरह बाजार में घूमती हैं और गहने पहनी महिलाओं को चिन्हित करती हैं।
- शिकार को घेरना-दो-तीन महिलाएं शिकार के आसपास चलती हैं और मौका देखकर उसे भीड़ में घेर लेती हैं।
- धक्का-मुक्की का फायदा-जानबूझकर धक्का देकर या रास्ता रोककर महिला का ध्यान भटकाया जाता है।
- कटर से चेन काटना- इसी दौरान बेहद तेजी से गले की सोने की चेन काट ली जाती है।
- तुरंत भीड़ में गायब- चेन हाथ लगते ही सदस्य अलग-अलग दिशाओं में निकल जाती हैं, जिससे एक साथ पकड़े जाने का खतरा कम हो जाता है।
- मौका पाकर फरार – गिरोह की सदस्य कुछ दूरी पर खड़ी कार व वाहन तक पहुंचती हैं और तत्काल दूसरे इलाके या शहर की ओर निकल जाती हैं।
- अंतरराज्यीय नेटवर्क-दूसरे राज्यों से आने के कारण वारदात के बाद शहर बदलना इनके लिए आसान रहता है।










