रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र में खूनी वारदात, विवाद और रंजिश में चाकूबाजी से दो युवकों की मौत, एक गंभीर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रायपुर। राजधानी रायपुर में रविवार देर रात चाकूबाजी की दो अलग-अलग घटनाओं ने सनसनी फैला दी। डीडी नगर थाना क्षेत्र में हुई दोनों वारदातों में दो युवकों की मौत हो गई। पहली घटना रायपुरा चौक स्थित सुमीत बाजार के सामने हुई, जबकि दूसरी वारदात चंगोराभाठा इलाके में सामने आई। दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

रायपुरा चौक पर आधी रात के करीब टिकेंद्र देवांगन और कैलाश निषाद के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर टिकेंद्र ने कैलाश पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद कैलाश ने टिकेंद्र से चाकू छीन लिया और उसी हथियार से उस पर कई वार कर दिए।

चाकू के गंभीर वार से टिकेंद्र देवांगन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। वहीं, हमले में कैलाश निषाद भी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए AIIMS रायपुर में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही डीडी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। फिलहाल दोनों के बीच विवाद की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम और वारदात के कारणों की पड़ताल कर रही है।

चंगोराभाठा में रंजिश के चलते युवक पर हमला

दूसरी वारदात रविवार रात करीब 11 बजे डीडी नगर थाना क्षेत्र के चंगोराभाठा इलाके में हुई। यहां आपसी रंजिश के चलते भोला विश्वकर्मा पर चाकू से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल भोला को उपचार के लिए मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि आशीष नामक युवक ने भोला पर चाकू से हमला किया था। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। घटना की कड़ियां जोड़ने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही वारदात से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है।

एक ही थाना क्षेत्र में दो हत्याओं से हड़कंप

डीडी नगर थाना क्षेत्र में एक ही रात चाकूबाजी की दो घटनाओं में दो युवकों की मौत के बाद इलाके में हड़कंप है। पुलिस दोनों मामलों की अलग-अलग जांच कर रही है। रायपुरा चौक मामले में कैलाश निषाद का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि चंगोराभाठा की घटना में फरार आरोपी आशीष की तलाश जारी है।

samachardoot
Author: samachardoot

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें