भिंड: शराब के नशे में विवाद के बाद युवक ने बिजली के खंभे से लटककर की आत्महत्या, मां ने देखा शव

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भिंड। देहात थाना क्षेत्र के मिश्रन का पुरा में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब 26 वर्षीय युवक का शव घर से करीब 500 मीटर दूर बिजली के खंभे पर साड़ी के फंदे से लटका मिला। बताया गया है कि युवक रात में शराब के नशे में परिवार के साथ विवाद करने के बाद घर से निकल गया था। सुबह दूध लेने निकली मां ने बिजली के पोल पर बेटे का शव देखा तो वह घबरा गई और घर लौटकर परिवार के लोगों को जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मार्च्युरी में रखवाया।

सूरज ने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की

पुलिस के मुताबिक 26 वर्षीय सूरज पुत्र जयराम जाटव निवासी मिश्रन का पुरा है। स्वजनों के मुताबिक रविवार और सोमवार की दरमियानी रात सूरज शराब के नशे में घर पहुंचा था। इस दौरान उसने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। विवाद बढ़ने पर स्वजनों ने रात करीब 12 बजे डायल-112 को सूचना दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले सूरज घर से निकल गया। स्वजनों ने रात में उसकी तलाश भी की, लेकिन उसका पता नहीं चला। सोमवार सुबह करीब 6 बजे सूरज की मां और छोटा भाई दूध लेने के लिए घर से निकले। इसी दौरान घर से करीब 500 मीटर दूर बिजली के खंभे पर सूरज साड़ी के फंदे से लटका दिखाई दिया।

शव देखा तो घबरा गई मां

मां ने शव देखा तो वह घबरा गई और दूध लेने के बजाय वापस घर पहुंचकर स्वजनों को जानकारी दी। इसके बाद पिता जयराम जाटव ने देहात थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा।
पुलिस ने मर्ग कायम कर आत्महत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है। स्वजनों के अनुसार सूरज के पीछे पत्नी भूरी देवी और करीब 13 माह का बेटा डुग्गू है। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है।
samachardoot
Author: samachardoot

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें