प्रेमी ने प्रेमिका के घर पहुंचकर जबरिया भर दी मांग, पेश इमाम ने पुलिस चौकी में करवाया निकाह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गोरखपुर के गुलरिहा क्षेत्र के एक युवक ने मंगलवार की शाम लगभग पांच बजे पड़ोसी गांव पर अपनी प्रेमिका के घर पहुंच कर जबरन उसकी मांग भर दी और उसे अपने साथ लेकर जाने की जिद करने लगा। इस बीच प्रेमिका के घरवालों ने 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया,जबकि उसका मोबाइल व बाइक प्रेमिका के घर पर ही रह गया। बुधवार की सुबह दोनों पक्ष पुलिस चौकी पर पहुंचे तो प्रेमी व उसकी मां दोनों शादी से मना करने लगे। इधर, प्रेमिका ने बताया कि पिछले चार वर्षों से उसका युवक से संबंध है। दो वर्ष पहले जब कुवैत कमाने गया तो इस बीच उसके घर वालों ने कई जगह रिश्ता पक्का किया, लेकिन कुवैत से ही वह धमकी देकर शादी तोड़वाता रहा। वहीं लड़की ने मोबाइल में रखे वीडियो व आडियो के साथ फोटो भी सबूत पेश किया।

उसने कहा कि लड़के के घर वाले भी उन दोनों के संबंधों के विषय में जानते थे। काफी मान मनौवल के बाद दोनों पक्षों के लोग शादी के लिए तैयार हो गए। इसके बाद पुलिस चौकी परिसर में ही बरगदही मजार पर स्थित मस्जिद के पेश इमाम द्वारा निकाह पढ़ाया गया। चौकी प्रभारी वीरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि लड़की और लड़का दोनों बालिग हैं। लड़की के अनुसार पिछले चार वर्षों से उसकी बातचीत होती थी। दोनों पक्षों की सहमति से निकाह करा दिया गया है।

samachardoot
Author: samachardoot

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें