Gwalior Crime News: ग्वालियर, नईदुनिया प्रतिनिधि। घाटीगांव थाना पुलिस 52 हजार रुपये की लूट की सूचना पर रातभर परेशान हुई। फरियादी सूचना देकर घर जाकर बैठ गया। उसके बाद एफआइआर दर्ज करने के लिए युवक को थाने बुलाया गया, लेकिन वह नहीं आया। ग्राम जखा निवासी यतेंद्र रावत ने बुधवार की रात को 10 बजे के लगभग सूचना दी कि बाइक सवार बदमाश उसके 52 हजार रुपये लूटकर ले गए हैं। लूट की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस को मौके पर कोई नहीं मिला। लूट की सूचना देने वाले युवक को फोन लगाने पर उसने बताया कि वह अपने गांव आ गया है। इसके बाद पुलिस फरियादी के गांव पहुंची तो युवक ने बताया कि लुटेरे केवल 52 हजार रुपये लूटकर ले गए हैं, जबकि फरियादी सोने की चेन व अंगूठी पहने हुए था। पुलिस को पता चला है कि फरियादी आनलाइन कारोबार से जुड़ा है। पुलिस लूट की घटना की वास्तविकता का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।
वृद्ध से मकान के विक्रय पत्र पर धोखे से हस्ताक्षर कराएः 89 साल के बुजुर्ग गुरुचरन कुलश्रेष्ठ ने गुरुवार को आइजी से लिखित शिकायत की है कि उन्होंने घर का काम करने के लिए ललिता श्रीवास्तव को नौकरी पर रखा। वह अपने पति पवन के साथ उन्हीं के मकान में रह रही थी। ललिता ने एक दिन बताया कि उसने गोल पहाड़िया पर एक मकान खरीदा है। रजिस्ट्री पर गवाह की आवश्यकता है। आपको 28 अगस्त 2020 को रजिस्ट्री पर गवाह के रूप में हस्ताक्षर करने चलना है। मैं मदद के लिए राजी हो गया। इस दौरान ललिता व उसके पति ने धोखे से चेतकपुरी स्थित मकान के विक्रय पत्र पर हस्ताक्षर करा लिए। इस संबंध में झांसी रोड थाने में लिखित शिकायत की थी, लेकिन शिकायत पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।









