किन्नर ने सरकारी अस्पताल से चोरी किया था नवजात, देर रात बच्चा बरामद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गाजियाबाद के मुरादनगर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के महिला वार्ड से शनिवार तड़के सीआरपीएफ के दरोगा के नवजात पोते को एक किन्नर ने अपने साथी के साथ मिलकर चुरा लिया। घटना से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने हंगामा कर दिल्ली-मेरठ हाईवे जाम कर दिया।

उन्होंने बच्चा चोरी में अस्पताल कर्मियों का हाथ होने का आरोप लगाते हुए सीएचसी प्रभारी समेत 11 पर केस दर्ज कराया। रात करीब 11:30 बजे पुलिस ने आरोपी किन्नर और उसके साथी को गिरफ्तार कर बच्चे को बरामद कर लिया। इससे पहले सीएमओ ने वार्ड की आया और सफाईकर्मी को निलंबित कर एक वार्ड ब्वॉय का ट्रांसफर कर दिया था।

सीआरपीएफ में एसआई के पद पर आसाम में तैनात गांव सुराना निवासी जयभगवान सिंह की पुत्रवधू मीनू को 25 अगस्त को डिलीवरी के लिए मुरादनगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था। पति संदीप ने बताया कि ऑपरेशन के बाद मीनू ने बेटे को जन्म दिया था।

इसके बाद उसे महिला को जनरल वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। वार्ड में मीनू की ननद समेत सात महिलाएं भर्ती थीं। मीनू की ननद को भी ऑपरेशन से बेटा हुआ है। मीनू की सास सावित्री देवी ने बताया कि रात करीब तीन बजे बच्चा उनके पास बेड पर सो रहा था।

करीब चार बजे आंख खुली तो वह बिस्तर पर नहीं था। अस्पताल कर्मियों को सूचना देकर बच्चे की तलाश की गई, लेकिन कुछ पता नहीं चला। बच्चा चोरी होने का पता लगने पर काफी संख्या में ग्रामीण सुबह करीब 6 बजे अस्पताल पहुंच गए और बच्चे की बरामदगी की मांग को लेकर हंगामा कर हाईवे पर जाम लगा दिया।

हंगामा बढ़ता देख एसडीएम और एसपी ग्रामीण समेत पुलिस के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन दिया। बच्चे की तलाश में पुलिस की तीन टीमों को लगाया गया। यह टीमें पड़ताल कर एक किन्नर विजय उर्फ राहुल निवासी मुरादनगर और उसके साथी प्रिंस निवासी बदनोली, हापुड़ तक पहुंच गईं। इनके पास से पुलिस ने बच्चा बरामद कर लिया।

एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा के मुताबिक पूछताछ में किन्नर ने बताया कि उसकी महिला साथी बच्चा चाहती थी, लेकिन वह उसे बच्चा नहीं दे सकता था। इसके चलते उन्होंने बच्चा चोरी करने की योजना बनाई और रेकी के बाद सरकारी अस्पताल से बच्चा चोरी कर लिया। किन्नर ने बताया कि उन्हें सरकारी अस्पताल से बच्चा चोरी करना आसान लगा। इसलिए प्राइवेट की बजाय सरकारी अस्पताल से बच्चा चोरी करने की वारदात को अंजाम दिया। एसपी ग्रामीण का कहना है कि किन्नर से पूछताछ की जा रही है।

samachardoot
Author: samachardoot

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें