भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने शुक्रवार को बरकट्ठा में पंचायत सेवक उदित नारायण वर्मन को पांच हजार रुपए रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। टीम ने यह कार्रवाई शुक्रवार को प्रखंड कार्यालय के पास उनके किराए के आवास पर नौ बजे सुबह की। एसीबी के अनुसार गिरफ्तार पंचायत सेवक चुगलगामों गांव निवासी अजय कुमार चौधरी से इंदिरा आवास की अग्रिम भुगतान के लिए रिश्वत ले रहा था।
बताया जाता है कि पंचायत सेवक ने अजय से 10 हजार रुपये रिश्वत मांगी थी। इसमें अग्रिम राशि के तौर पर पांच हजार रुपये देने की बात तय हुई। शुक्रवार को पंचायत सेवक ने अपने आवास पर लाभुक को पैसा लेकर बुलाया। जैसे ही उसने रिश्वत की रकम पकड़ी। वैसे ही वहां मौजूद एसीबी टीम ने दबोच लिया। घूस के नोटों पर केमिकल लगा होने के कारण पंचायत सेवक का हाथ धुलवाया गया तो वह गुलाबी हो गया।
इसके बाद एसीबी ने उसे गिरफ्तार कर लिया। बताया जाता है कि पंचायत सेवक उदित नारायण वर्मन बरकट्ठा प्रखंड के गैंडा, चुगलगामों और बरकनगांगो पंचायत के प्रभार में है।शिकायतकर्ता ने कहा है कि घूस न देने पर उसे लंबे समय से पंचायत सेवक दौड़ा रहा था। तंग आकर उसने इसकी शिकायत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो में की। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के ट्रैप टीम ने शिकायत का सत्यापन करने के बाद मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में उसे गिरफ्तार कर लिया।









