Shivpuri Crime News : शिवपुरी (नप्र)। पोहरी थानांतर्गत ग्राम बरखेड़ा में एक गर्भवती महिला को पीट-पीट कर उसके गर्भस्थ शिशु की हत्या करने वाले आरोपितों पर पुलिस ने भ्रूण हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। भ्रूण की मौत का कारण जानने के लिए उसे जांच के लिए लैब भिजवाया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि पिछले मंगलवार को ग्राम बरखेड़ा निवासी एक महिला शिवानी पत्नी विक्रम कोली उम्र 20 साल हाथ में तीन माह का भ्रूण लेकर जनसुनवाई में कलेक्ट्रेट पहुंची थी। लैब से जांच रिपोर्ट आने के बाद कोर्ट में तय होगा कि आरोपितों को कितनी सजा मिलेगी। शिवपुरी में इस तरह का पहला मामला है, जब आरोपितों पर भ्रूण की हत्या का आरोप लगा है।
महिला ने कलेक्टर को भ्रूण दिखाते हुए गांव के तोरन पाल और जंडेल पाल पर आरोप लगाया था कि इन्होंने उसे 27 फरवरी को अपने घर में बंधक बनाकर इतना पीटा कि 27-28 फरवरी की दरम्यानी रात उसके तीन माह के गर्भस्थ शिशु का गर्भपात हो गया। मारपीट के पीछे पुरानी रंजिश को कारण बताया था।
इनका कहना है
बरखेड़ा गांव के प्रकरण में हमने भ्रूण को जब्त कर लिया है तथा भ्रूण हत्या का मामला दर्ज कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। गर्भपात और भ्रूण की मौत का कारण जानने के लिए उसे जांच के लिए प्रयोगशाला भिजवा रहे हैं।









