मोबाइल पर आया मैसेज, एक क्लिक और खाते से उड़ गए 3.94 लाख, झारखंड से साइबर ठगी गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रायपुर। राजधानी रायपुर के डीडी नगर निवासी एक चार्टर्ड अकाउंटेंट विष्णु दत्त बघेल के साथ साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित के मोबाइल पर आए संदिग्ध मैसेज को खोलने के बाद उनका मोबाइल हैक हो गया और तीन दिनों के भीतर उनके यूको और एक्सिस बैंक खातों से 3.94 लाख रुपये निकाल लिए गए। इस मामले में डीडी नगर थाना में धारा 318(4) बीएनएस एवं 66(डी) आईटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और डीडी नगर पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई। पुलिस ने बैंकिंग ट्रांजेक्शन, मोबाइल डेटा और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का विश्लेषण किया, जिससे आरोपियों की लोकेशन झारखंड के बोकारो जिले में ट्रेस हुई। इसके बाद पुलिस ने बोकारो पहुंचकर स्थानीय इनपुट के आधार पर संदिग्धों को पकड़ लिया।

दोनों ने कबूल किया जुर्म, मोबाइल जब्त

पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों की पहचान विशाल कुमार सिंह (26) और महेश प्रसाद सिंह (34), दोनों निवासी बोकारो, के रूप में हुई है। उन्होंने फर्जी मैसेज भेजकर मोबाइल हैक करने और अनधिकृत ट्रांजेक्शन करने का जुर्म कबूल किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन, एक चेक बुक और दो हजार रुपये नकद जब्त किए हैं। वर्तमान में पुलिस गिरोह के अन्य सहयोगियों और देशभर में किए गए अन्य संभावित अपराधों का पता लगाने में जुटी है।

अज्ञात मैसेज पर क्लिक न करें

आम नागरिकों के लिए यह अत्यंत आवश्यक है कि वे अज्ञात मैसेज या लिंक पर क्लिक न करें। पुलिस द्वारा की गई डिजिटल साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच और गिरोह के नेटवर्क का विश्लेषण आने वाले समय में इस तरह की अन्य ठगी की घटनाओं को रोकने में मददगार साबित होगा।
samachardoot
Author: samachardoot

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें