कोरबा की सड़कों पर दौड़ रही मौत: टैंकर की चपेट में आए सगे भाई-बहन, 24 घंटे में चार की मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कोरबा : राष्ट्रीय राजमार्ग 130 में पोड़ी बस स्टैंड के पास बुधवार को तेज रफ्तार टैंकर ने एक्टिवा सवार तीन स्कूली बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना में सगे भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने अंबिकापुर-कोरबा राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब दो घंटे तक चक्काजाम कर मुआवजे और कार्रवाई की मांग की।

बांगो थाना अंतर्गत कोनकोना बस्ती के गोस्वामी पारा निवासी 13 वर्षीय बूटी गोस्वामी 13वर्ष, दशरथ गोस्वामी 12 वर्ष और उसका साथी विवेक गोस्वामी 11 वर्ष एक्टिवा से पोड़ी बस स्टैंड सामान लेने पहुंचे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार टैंकर ने उनके दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों बच्चे सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में बूटी और दशरथ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल विवेक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। एक ही परिवार के दो बच्चों की मौत से लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। मुआवजे और दोषी चालक के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर ग्रामीणों ने अंबिकापुर-कोरबा राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम कर दिया। करीब दो घंटे तक चले जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्री बसों सहित अन्य वाहन फंसे रहे। सूचना मिलने पर बांगो थाना पुलिस और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों और स्वजन से चर्चा की।

तहसीलदार ने दोनों मृत बच्चों के स्वजन को 25-25 हजार रुपये की तात्कालिक सहायता राशि प्रदान की, जिसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया और यातायात बहाल हो सका। पुलिस ने दुर्घटनाकारित टैंकर को जब्त कर लिया है। घटना के बाद फरार चालक की तलाश की जा रही है। मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। एक ही परिवार के दो बच्चों की मौत से कोनकोना बस्ती में मातम पसरा है। ग्रामीणों का कहना है कि पोड़ी बस स्टैंड के पास तेज रफ्तार वाहनों के कारण लगातार हादसे होते रहते हैं। उन्होंने यहां स्पीड ब्रेकर बनाने और नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

24 घंटे में चार जिंदगियां गईं, दो बड़ी दुर्घटनाओं ने झकझोरा

बालको और बांगो क्षेत्र में 24 घंटे के भीतर हुए दो भीषण सड़क दुर्घटना में चार लोगों की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मंगलवार को बालको थाना क्षेत्र के ढेंगुरनाला पुल के पास कोयला लदे ट्रेलर की चपेट में आने से बिलासपुर से देवपहरी घूमने आए एमबीबीएस छात्र हैप्पी उर्फ लक्की रात्रे और रेशमा नागेश की मौत हो गई थी, जबकि रागिनी यादव गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना के बाद लोगों ने चक्काजाम कर सड़क की बदहाल स्थिति और भारी वाहनों की आवाजाही पर नाराजगी जताई थी। इसके ठीक अगले दिन बुधवार को बांगो थाना क्षेत्र के पोड़ी बस स्टैंड के पास तेज रफ्तार टैंकर की टक्कर से एक्टिवा सवार सगे भाई-बहन बूटी गोस्वामी और दशरथ गोस्वामी की मौत हो गई और उनका साथी विवेक गंभीर रूप से घायल हो गया। लगातार दो दिनों में हुई इन दुर्घटनाओं ने जिले में सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों के संचालन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

samachardoot
Author: samachardoot

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें