भिंड (मेहगांव)। भिंड-ग्वालियर रूट पर संचालित बस के कंडक्टर से किराया लेने को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। घटना मेहगांव थाना क्षेत्र में बरहद के पास 25 अगस्त की बताई जा रही है। शनिवार को इंटरनेट मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामले का खुलासा हुआ है।
मारपीट चार दिन पहले, वीडियो वायरल आज
ग्राम पड़कोली निवासी भगवान सिंह भदौरिया ने आरोप लगाया कि बस रुकवाकर कुछ लोगों ने उसे नीचे उतारा और बेल्ट, लात-घूंसों से मारपीट की। घटना के चार दिन बाद शनिवार को मारपीट का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किया गया। वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
भिंड से ग्वालियर के लिए चलती है बस
भगवान सिंह के मुताबिक वह बालाजी कंपनी की बस क्रमांक एमपी07-6382 में कंडक्टर है। बस भिंड से ग्वालियर के बीच संचालित होती है। 25 अगस्त को दोपहर करीब 12.38 बजे बस भिंड से ग्वालियर के लिए रवाना हुई थी। बरहद के पास पहुंचने पर कुछ लोगों ने बस रुकवा ली। आरोप है कि केपी भदौरिया और उसके साथ मौजूद लोगों ने उसे बस से नीचे उतार लिया।
किराया लेने को लेकर हुआ विवाद
कंडक्टर का आरोप है कि यात्रियों से किराया लेने और उन्हें मुफ्त में यात्रा नहीं कराने की बात को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद आरोपितों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और उसके साथ मारपीट की। भगवान सिंह ने आरोप लगाया कि उसे बेल्ट से पीटा गया और जमीन पर पटकने के बाद लात-घूंसों से भी मारा गया। उसने आरोपियों से मारपीट नहीं करने की गुहार लगाई, लेकिन वे नहीं माने। इस दौरान बस में सवार यात्रियों के साथ भी अभद्रता किए जाने का आरोप है।
यात्रियों ने बनाया वीडियो
भगवान सिंह के अनुसार, मारपीट के दौरान बस में बैठे कुछ यात्रियों ने घटना का वीडियो बना लिया था। घटना के चार दिन बाद शनिवार को उसने यही वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किया। वीडियो में मारपीट का घटनाक्रम दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। शिकायतकर्ता ने मारपीट के साथ ही गले में पहनी सोने की चेन टूटने और बस की दो दिन की करीब 27 हजार रुपये की रोकड़ ले जाने का भी आरोप लगाया है। उसका कहना है कि घटना के बाद पुलिस से शिकायत की गई, लेकिन अभी तक सुनवाई नहीं हुई है। उसने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।









