रायपुर में आधी रात को युवक की हत्या, दो हमलावरों ने धारदार हथियार से किया वार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रायपुर। रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के अश्वनी नगर में रविवार देर रात युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार पकड़े गए सभी विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग) हैं।

प्रारंभिक पूछताछ में हत्या की वजह आपसी रंजिश सामने आई है। वारदात के बाद आरोपित ट्रेन से रायपुर से बाहर भागने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने आरपीएफ के साथ समन्वय कर तीन को बिलासपुर में पकड़ा, जबकि एक को रायपुर में हिरासत में लिया गया।

जानकारी के अनुसार 30 अगस्त की रात करीब 11 बजे पुलिस को अश्वनी नगर में एक युवक के गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए एम्स अस्पताल रायपुर पहुंचाया। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान अहमद खान के रूप में हुई।

चाकू से हमला कर हत्या

घटना की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। इसके बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को आरोपितों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। पुलिस ने उनकी पहचान सुनिश्चित करने के बाद उनकी तलाश शुरू कर दी।

इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि हत्या में शामिल आरोपित ट्रेन के जरिए रायपुर से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे हैं। सूचना को तत्काल आरपीएफ के साथ साझा किया गया। रायपुर पुलिस और आरपीएफ के समन्वित प्रयास से तीन आरोपितों को बिलासपुर में पकड़ा गया, जबकि एक को रायपुर में हिरासत में लिया गया।

बाल संप्रेक्षण गृह से छूटते ही फिर वारदात

पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में यह भी सामने आया है कि पकड़े गए आरोपितों में से एक विधि से संघर्षरत बालक कुछ दिन पहले ही लूट के एक अन्य मामले में बाल संप्रेक्षण गृह से बाहर आया था। पुलिस के अनुसार बाहर आने के कुछ ही समय बाद वह इस हत्या की वारदात में शामिल हो गया।

फिलहाल चारों से घटना के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस हत्या के घटनाक्रम, आपसी रंजिश की वजह और वारदात में इस्तेमाल हथियार सहित अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।

लगातार चाकूबाजी ने बढ़ाई चिंता

राजधानी में पिछले कुछ समय से चाकूबाजी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। छोटी-छोटी बातों और आपसी विवाद में धारदार हथियारों से हमला करने की घटनाएं पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई हैं। अश्वनी नगर की यह वारदात भी इसी कड़ी में गंभीर मामला है।

पुलिस अब आरोपितों के पुराने मामलों और उनके संपर्क में रहने वाले अन्य युवकों की भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी अलग से दी जाएगी।

samachardoot
Author: samachardoot

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें