सारंगढ़। सेवा संकल्प अभियान के तहत सारंगढ़ स्थित सेजस स्कूल में साइबर सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की कलेक्टर एवं आईएएस अधिकारी श्रीमती पद्मिनी भोई साहू तथा पुलिस अधीक्षक श्री सुनील कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव, डिजिटल तकनीक के सुरक्षित उपयोग और यातायात नियमों के पालन के संबंध में जागरूक किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने AI के सुरक्षित उपयोग पर दिया जोर
कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध के तरीके लगातार बदल रहे हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को डिजिटल दुनिया में सतर्क और जागरूक रहना आवश्यक है। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के उपयोग के संबंध में कहा कि प्रत्येक तकनीक के सकारात्मक और नकारात्मक दोनों पहलू होते हैं। विद्यार्थियों को AI का उपयोग शिक्षा, ज्ञान और रचनात्मक कार्यों के लिए करना चाहिए तथा इसके दुरुपयोग से बचना चाहिए। उन्होंने ऑनलाइन धोखाधड़ी के नए तरीकों को समझने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि के प्रति सावधान रहने की अपील की।
एसपी सुनील कुमार शर्मा ने दी साइबर सुरक्षा और यातायात नियमों की जानकारी
पुलिस अधीक्षक श्री सुनील कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा एवं यातायात नियमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने अनजान व्यक्तियों के साथ OTP, बैंकिंग पिन और पासवर्ड साझा नहीं करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने तथा अनजान APK फाइल या एप्लिकेशन डाउनलोड करने से बचने की सलाह दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने में सावधानी बरतने और किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धमकी, धोखाधड़ी या ब्लैकमेलिंग की स्थिति में अभिभावकों, शिक्षकों अथवा पुलिस को तत्काल जानकारी देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम स्थल पर प्रदर्शित छत्तीसगढ़ पुलिस के ‘साइबर जागृति अभियान’ के बैनर के माध्यम से भी विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के महत्वपूर्ण नियम समझाए गए। बैनर में अनजान WhatsApp वीडियो कॉल से सावधान रहने, ATM PIN एवं आधार संबंधी जानकारी गोपनीय रखने, समय-समय पर पासवर्ड बदलने तथा ऐप केवल आधिकारिक Play Store या App Store से डाउनलोड करने का संदेश दिया गया। साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 तथा वेबसाइट cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।
जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय ने कहा— सुरक्षा के प्रति जागरूक बनें विद्यार्थी
जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि साइबर सुरक्षा और यातायात सुरक्षा आज के समय की महत्वपूर्ण जरूरतें हैं। मोबाइल का उपयोग करते समय बच्चों को लालच भरे संदेशों, फर्जी कॉल और संदिग्ध लिंक से सावधान रहना चाहिए। AI के माध्यम से किसी की तस्वीर या आवाज के साथ छेड़छाड़ कर फर्जी सामग्री तैयार की जा सकती है, जिसका इस्तेमाल किसी को बदनाम करने या ब्लैकमेल करने के लिए किया जा सकता है। ऐसी स्थिति में विद्यार्थियों को घबराने के बजाय अपने अभिभावकों, शिक्षकों या पुलिस की सहायता लेनी चाहिए।
उन्होंने यातायात सुरक्षा पर जोर देते हुए कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना और यातायात नियमों का पालन करना जीवन की सुरक्षा के लिए आवश्यक है। हेलमेट केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि दुर्घटना के समय सिर की गंभीर चोट से बचाव के लिए पहनना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक रहने और अपने परिवार एवं मित्रों को भी सुरक्षा के प्रति प्रेरित करने की अपील की।
कार्यक्रम में जिला भाजपा अध्यक्ष ज्योति पटेल, जिग्नाथ केसरवानी, गोपालाल मिश्रा, जिला शिक्षा अधिकारी, एसडीओपी श्री दीवान तथा आरई श्री चंद्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने, AI का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने तथा यातायात नियमों का पालन कर स्वयं और दूसरों का जीवन सुरक्षित रखने का संदेश दिया गया।










