रीवा में स्कूल बस और बोलेरो की जोरदार टक्कर, मैहर से लौट रहे सीधी के 9 लोग घायल, एक की हालत गंभीर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रीवा। जिले में सोमवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। खड्डा टोल प्लाजा के पास स्कूल बस और बोलेरो की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बोलेरो में सवार 9 लोग घायल हो गए। सभी घायल सीधी जिले के रहने वाले हैं। स्कूल बस सिंगरौली की बताई जा रही है।

मैहर से दर्शन कर लौट रहा था परिवार

जानकारी के अनुसार बोलेरो में सवार परिवार मैहर में दर्शन कर अपने घर सीधी लौट रहा था। इसी दौरान खड्डा टोल प्लाजा के पास सामने से आ रही स्कूल बस और बोलेरो की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो सवार लोगों को गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद की और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।

9 घायल, एक की हालत गंभीर

घायलों की पहचान लव कुमार सोंधिया के अनुसार रामजीत सोंधिया, प्रांशु सोंधिया, रानी सोंधिया, संगीता सोंधिया, हनुमान सोंधिया, उमेश तिवारी, रामवती मौर्य, निर्मला सोंधिया और मुन्नालाल सोंधिया के रूप में हुई है। हादसे में 8 लोगों की हालत स्थिर बताई जा रही है, जबकि एक घायल की हालत गंभीर है। गंभीर घायल का इलाज जारी है।

ड्राइवर को झपकी आने से हादसे की आशंका

शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि स्कूल बस के ड्राइवर को झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि हादसे की वजह की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मौके पर पहुंच गई है और मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही टक्कर की सही वजह और परिस्थितियां स्पष्ट हो पाएंगी। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

samachardoot
Author: samachardoot

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें