ठग दीपक टंडन की पत्नी बरखा गिरफ्तार, मोबाइल में मिले मंत्री, IAS और DSP से बातचीत के स्क्रीनशॉट

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रायपुर: होटल कारोबारी दीपक टंडन उर्फ अंबेडकर टंडन की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। अलग-अलग मामलों में धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग के आरोपों से घिरे दीपक टंडन की पत्नी बरखा टंडन को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे बुधवार को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बरखा का मोबाइल फोन जब्त किया है।

शुरुआती जांच में मोबाइल की फोटो गैलरी और चैट में पूर्व मंत्री, आइएएस और डीएसपी से जुड़ी बातचीत के स्क्रीनशाट मिलने की जानकारी सामने आई है। पुलिस इन डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। वहीं, बिलासपुर पुलिस की हिरासत में मौजूद दीपक टंडन को प्रोडक्शन वारंट पर रायपुर लाकर पूछताछ करने की तैयारी है।

बरखा की गिरफ्तारी तेलीबांधा थाने में दर्ज उस मामले में हुई है, जिसमें आर्ट आफ लिविंग की छत्तीसगढ़ प्रमुख सरिता बाजपेयी ने दीपक टंडन, उनकी पत्नी बरखा और अन्य लोगों पर होटल की संपत्ति पर जबरन कब्जा करने, सरकारी सील तोड़ने, ताला तोड़कर अंदर घुसने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की आठ धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है।

लीज खत्म होने के बाद भी होटल खाली नहीं करने का आरोप

  • एफआइआर के मुताबिक, सरिता बाजपेयी ने वर्ष 2021 में अपनी संपत्ति होटल और बैंक्वेट हाल संचालन के लिए दीपक टंडन को लीज पर दी थी। इस संपत्ति में होटल बेलाकासा श्री का संचालन किया जा रहा था। लीज की शुरुआती अवधि वर्ष 2024 में समाप्त हो गई थी। इसके बाद आपसी सहमति से दो बार 11-11 महीने के लिए अवधि बढ़ाई गई। अंतिम लीज अवधि सात अप्रैल 2026 को समाप्त हो गई थी।

 

  • शिकायतकर्ता का आरोप है कि करीब एक साल से किराया भी नियमित रूप से नहीं दिया जा रहा था। प्रापर्टी टैक्स जमा नहीं होने के कारण नगर निगम ने 18 अगस्त 2026 को होटल को सील कर दिया था। आरोप है कि 23 अगस्त को जब सरिता बाजपेयी संपत्ति का कब्जा लेने पहुंचीं तो बरखा टंडन, दीपक टंडन और उनके कर्मचारी नगर निगम की सील तोड़कर अंदर मौजूद थे। इसकी शिकायत नगर निगम में की गई, जिसके बाद संपत्ति को दोबारा सील किया गया।

सील खोलने के अगले दिन फिर तोड़े ताले

शिकायत के अनुसार, 26 अक्टूबर को नगर निगम के जोन-10 के कर्मचारियों ने पुलिस की मौजूदगी में होटल की सील खोली और पंचनामा तैयार किया। इसके अगले दिन 27 अक्टूबर को जब सरिता बाजपेयी अपने साथी के साथ होटल पहुंचीं तो मेन गेट और अंदर के ताले टूटे मिले। आरोप है कि बरखा, दीपक और उनके साथियों ने ताले तोड़कर संपत्ति में प्रवेश किया और उन्हें धमकी दी।

जमीन और फार्च्यूनर के नाम पर 56 लाख की ठगी

दीपक और बरखा टंडन के खिलाफ तेलीबांधा थाने में शराब कारोबारी आशीष जायसवाल की शिकायत पर भी धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। शिकायत के मुताबिक, दंपती ने जमीन बेचने का झांसा देकर उनसे 36 लाख रुपये लिए थे। इसके अलावा फार्च्यूनर कार बेचने के नाम पर 20 लाख रुपये लेने का आरोप है। इस तरह दोनों सौदों में कुल 56 लाख रुपये की धोखाधड़ी की शिकायत की गई है।

कोयले का टेंडर दिलाने के नाम पर 15 लाख लेने का आरोप

सक्ती जिले में भी दीपक टंडन के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ है। कोयला कारोबारी किशन शर्मा की शिकायत पर सक्ती कोतवाली पुलिस ने अपराध दर्ज किया है। आरोप है कि दीपक ने कोयले का बड़ा टेंडर दिलाने का झांसा देकर उनसे 15 लाख रुपये लिए थे। न तो टेंडर दिलाया और न ही रकम वापस की। इसके अलावा कोल कारोबार से जुड़े दो अन्य लोगों के भी शिकायत लेकर पुलिस तक पहुंचने की जानकारी सामने आई है।

एआइ से तस्वीरों में छेड़छाड़ के मामले में बिलासपुर पुलिस ने पकड़ा था

छह नवंबर को बिलासपुर की सिरगिट्टी पुलिस ने दीपक टंडन को रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया था। यह कार्रवाई बिलासपुर निवासी मणिशंकर पांडे की शिकायत पर हुई थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उनकी तस्वीरों के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) के माध्यम से छेड़छाड़ कर आपत्तिजनक सामग्री तैयार की गई। इसके बाद न्यूज पोर्टल और इंटरनेट मीडिया पर भ्रामक सामग्री प्रसारित कर उनकी छवि खराब करने और ब्लैकमेल करने की कोशिश की गई। पुलिस ने गिरफ्तारी के दौरान दो मोबाइल फोन जब्त किए थे।

samachardoot
Author: samachardoot

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें