कोरबा में मारपीट की अलग-अलग घटनाओं में पति समेत तीन लोग घायल, पुलिस ने दर्ज किया मामला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कोरबा: जिले में मारपीट की अलग-अलग घटनाओं में पति समेत तीन लोग घायल हो गए। एक मामले में प्रसाद लेने से इनकार करने पर हुए विवाद में पत्नी ने कैंची से पति पर हमला कर दिया। दूसरे मामले में शराब के नशे में एक युवक ने चाकू से पेट पर वार कर दिया।

बीच-बचाव करने पहुंचा युवक भी हमले में घायल हो गया। वहीं, लड़कियों से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाकर तीन युवकों ने एक नाबालिग के साथ चूड़ा और कैंची से मारपीट की। पुलिस ने तीनों मामलों में शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पंपहाउस मेग्जीन भांठा निवासी जितेंद्र सुर्गे रिस्दी स्थित बोरवेल्स दुकान में मजदूरी करता है। आठ नवंबर को दीपावली की रात करीब 10 बजे वह बाहर से प्रसाद लेकर घर पहुंचा। इस दौरान उसकी पत्नी ज्योति सुर्गे ने प्रसाद लेने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।

आरोप है कि पत्नी ने गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्के से मारपीट की और घर में रखी दाढ़ी-मूंछ काटने वाली कैंची से उसके सीने और पीठ पर वार कर दिया। हमले में घायल जितेंद्र की रिपोर्ट पर पुलिस ने पत्नी ज्योति के विरुद्ध धारा 115(2) और 296 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है।

घर के पास बुलाकर चाकू से पेट पर किया वार

ग्राम आंछीमार निवासी कुंदन भट्ठ ड्राइविंग का काम करता है। नौ नवंबर को वह रिस्दी पेट्रोल पंप के पीछे काम कर रहा था। इसी दौरान जोगी राम मिरी ने फोन कर उसे अपने घर बुलाया। कुंदन के घर पहुंचने के बाद रात करीब 10:30 बजे उसने जोगी राम से बातचीत करने को कहा। इस पर जोगी राम उसके घर के पास पहुंचा और शराब के नशे में गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा।

आरोप है कि उसने सब्जी काटने वाले चाकू से कुंदन के पेट पर वार कर दिया। यह देखकर आशीष भट्ठ बीच-बचाव करने पहुंचा तो आरोपी ने उसके हाथ की अंगुली पर भी चाकू से हमला कर दिया। कुंदन की रिपोर्ट पर पुलिस ने जोगी राम मिरी के विरुद्ध धारा 115(2), 296 और 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है।

छेड़छाड़ का आरोप लगाकर नाबालिग से मारपीट

गेवरा बस्ती कुसमुंडा निवासी 17 वर्षीय तुषार कुर्रे ने मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसके मुताबिक नौ नवंबर को शाम करीब चार बजे वह घर लौट रहा था। जैतखाम के पास मोटरसाइकिल से नीरज बिंझवार, सत्यम और दिनेश रात्रे पहुंचे। आरोप है कि तीनों ने लड़कियों से छेड़छाड़ करने की बात कहते हुए उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी।

तुषार ने आरोपों से इन्कार करते हुए गाली देने से मना किया तो युवकों ने हाथ-मुक्के के साथ चूड़ा और कैंची से हमला कर दिया। इससे उसके सिर और कमर में चोट आई तथा खून निकलने लगा। कुसमुंडा पुलिस ने तुषार की रिपोर्ट पर नीरज बिंझवार, सत्यम और दिनेश रात्रे के विरुद्ध धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है।

samachardoot
Author: samachardoot

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें