छत्तीसगढ़ शासन के द्वारा सामाजिक समरसता के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु दिये जाने वाले गौरवशाली अलंकरण पुरस्कार “महाराजा अग्रसेन सम्मान-2026” हेतु रायगढ़ के सुप्रसिद्ध समाजसेवी बाबूलाल अग्रवाल का चयन समाज सेवा के उनके प्रेरक योगदानों को रेखांकित करने के उद्देश्य से किया गया है।
15 अगस्त 1962 में जन्मे बाबूलाल अग्रवाल पेशे से वरिष्ठ अधिवक्ता हैं।पिछले 5 दशकों से अग्रवाल समाज के अनेक स्थानीय, प्रादेशिक, राष्ट्रीय एवं अंतराष्ट्रीय स्तर के सामजिक एवं धार्मिक संगठनों में अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष,सदस्य के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे बाबूलाल अग्रवाल ,लियो क्लब, लायंस क्लब, जेसीस, जिला अधिवक्ता संघ, जिला सेल्स टैक्स बार एसोशियेशन रायगढ़, फेडरेशन ऑफ छत्तीसगढ़ इन्कम टैक्स बार एसोशियसन एवं इन्कम टैक्स प्रैक्टिशनर्स एसोशियसन, पहाड़ मंदिर नव निर्माण समिति, श्री चक्रधर गौशाला, श्री राधा-कृष्ण मंदिर समिति जैसी संस्थाओं के अग्रणी पदों पर पदासीन रहे हैं।
उन्होंने समाज सेवा के सभी क्षेत्रों एवं आयामों में योगदान दिया है और निरंतर देते रहने के लिए कृत संकल्पित है। यह पहली बार है कि छत्तीसगढ़ शासन के द्वारा सामाजिक समरसता के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु इस अंचल में इस सम्मान कि घोषणा की है । राज्य स्तरीय इस सम्मान के लिए उनका चयन न केवल अग्रवाल समाज बल्कि रायगढ़ जिले के समस्त नागरिकों के लिए गौरव का विषय है। महाराजा अग्रसेन सम्मान 2026 पर उनके नाम की घोषणा होते ही प्रदेश के अग्र समाज सहित रायगढ़ के अग्रवाल समाज एवं अन्य संस्थाओं व उनके नाते रिश्तेदार एवं परिचितों में हर्ष की लहर दौड़ गई है। सर्व प्रथम वित्त मंत्री माननीय ओ पी चौधरी ने दूरभाष पर बाबूलाल अग्रवाल को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। वहीं यह खबर मिलते ही उनके घर में बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
उन्होंने अपने नाम की घोषणा पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मैंने कभी किसी पुरस्कार की अभिलाषा में कोई कार्य नहीं किया बल्कि सर्व समाज ने जो उन्हें प्यार और स्नेह दिया है उसके आभार स्वरूप तथा अपने मानव जीवन के कर्तव्य पालन के रूप में सर्व समाज को अपना यथायोग्य योगदान देने के उद्देश्य से किया है। मुझे अत्यंत प्रसन्नता है कि प्रदेश शासन ने मेरे इन कार्यों को संज्ञान में लेते हुए इस पुरस्कार हेतु मेरा चयन किया है, जो मेरे एवं मेरे परिवार के लिए तो प्रसन्नता का कारण है ही साथ ही मेरे अन्य साथियों के लिए यह एक प्रेरणा की तरह कार्य करेगा और सभी समाज के लोग निस्वार्थ भाव से समाज कार्यों में समाज सेवा के कार्यों में अपना योगदान देंगे।
उन्होंने जिलाध्यक्ष मयंक चतुर्वेदी द्वारा अनुशंसा के साथ आवेदन अग्रेषण और अपने साथी हीरा मोटवानी,हेमचंद पांडेय,मनोज श्रीवास्तव,विरेन पटेल,रवि सिंह के सहयोग के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए राज्य शासन के द्वारा नियुक्त सभी सात ज्यूरी मेंबर का भी हृदय से आभार व्यक्त किया है। उल्लेखनीय है कि उन्हें यह गौरवशाली सम्मान दो लाख रु नगद, प्रतीक चिन्ह, सम्मान पत्र के साथ आगामी तीन नवंबर को रायपुर अटल नगर नया रायपुर में राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य राज्यअलंकरण समारोह के दौरान मुख्यअतिथि के करकमलों से प्रदान किया जाएगा।










