बिलासपुर। कांग्रेस नेता आनंदमल कुकरेजा से कथित तौर पर 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने आरोपी शोएब ढेबर को बड़ी राहत दी है। कोर्ट ने उनकी दोबारा गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है।
जस्टिस पी.पी. साहू की एकलपीठ ने दिया अंतरिम आदेश
जस्टिस पी.पी. साहू की एकलपीठ ने रायपुर के तेलीबांधा थाने में दर्ज अपराध में अगली सुनवाई तक अंतरिम राहत दी है। इस मामले की अगली सुनवाई 27 नवंबर 2026 को होगी।
गिरफ्तारी की प्रक्रिया पर उठे सवाल
शोएब के वकीलों ने कोर्ट में कहा कि 27 सितंबर 2026 को गिरफ्तारी के दौरान दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 50 और 36 की प्रक्रिया नहीं अपनाई गई थी। इसके बाद रिमांड मजिस्ट्रेट ने उन्हें रिहा कर दिया था। बचाव पक्ष ने दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति देने से पहले सुनवाई का अवसर देने की मांग की।
हाईकोर्ट ने प्रथम दृष्टया पाया कि मजिस्ट्रेट ने पुलिस के आवेदन पर सुनवाई या उसका रिकॉर्ड दर्ज किए बिना अनुमति दे दी थी। राज्य की ओर से सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के पालन की बात कही गई और जवाब के लिए एक सप्ताह का समय मांगा गया।
विदेशी नंबर से व्हाट्सएप पर मांगी गई थी रंगदारी
एफआईआर के अनुसार, कुकरेजा को विदेशी नंबर से व्हाट्सएप संदेश भेजकर कथित तौर पर 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। इस मामले में शोएब ढेबर को आरोपी बनाया गया था। पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी पर इनाम भी घोषित किया था। अब गिरफ्तारी की वैधता और दोबारा गिरफ्तारी की प्रक्रिया को लेकर मामला हाईकोर्ट में है।








