राजनांदगांव। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चल रहे अभियान में चिचोला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में महाराष्ट्र की दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 8.224 किलो गांजा बरामद हुआ है, जिसकी कीमत 4 लाख 500 रुपये बताई जा रही है। दोनों महिलाएं बस से रायपुर की ओर से चिचोला पहुंची थीं।
बस स्टैंड पर घेराबंदी कर पकड़ी गईं दोनों महिलाएं
पुलिस के मुताबिक, 18 नवंबर की रात चिचोला बस स्टैंड के पास घेराबंदी की गई। इस दौरान दो संदिग्ध महिलाएं पकड़ी गईं। उनकी पहचान आशा सुनील काडे (28), निवासी बोरगांव, जिला बीड और गौरी भगवान काले (45), निवासी शिरडी, जिला अहमदनगर (महाराष्ट्र) के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि दोनों चिचोला में गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रही थीं।
पिट्ठू बैग से मिले टेप में लिपटे गांजे के पैकेट
तलाशी के दौरान दोनों के पिट्ठू बैग से खाकी रंग के टेप में लिपटे प्लास्टिक के पैकेट मिले। इन पैकेटों में गांजा भरा हुआ था। पुलिस ने आशा काडे के कब्जे से 4.110 किलो और गौरी काले के कब्जे से 4.114 किलो गांजा जब्त किया। कुल 8.224 किलो गांजे की कीमत 4 लाख 500 रुपये आंकी गई है।
एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज, दोनों जेल भेजी गईं
दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस चौकी चिचोला में दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।








