घर के एक कोने से शुरू किया काम, अब 400 रुपये किलो बिक रहा बस्तर की कौशल्या का मशरूम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जगदलपुर। दृढ़ इच्छाशक्ति और सही मार्गदर्शन हो, तो सीमित संसाधनों के बीच भी सफलता की बड़ी इबारत लिखी जा सकती है। बस्तर जिले की ग्राम पंचायत कोड़ेनार की रहने वाली कौशल्या सेठिया ने इसे सच कर दिखाया है। घर के एक छोटे से कमरे से मशरूम उगाने की शुरुआत करने वाली कौशल्या आज न केवल आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन चुकी हैं, बल्कि उनके उगाए ताजे मशरूम की खुशबू अब तीन जिलों के बाजारों तक पहुंच रही है। उनकी इस कामयाबी ने गांव की अन्य महिलाओं के लिए भी स्वरोजगार के नए दरवाजे खोल दिए हैं।

प्रशिक्षण लेकर घर से की शुरुआत

कौशल्या के बदलाव का यह सफर वर्ष 2017 में स्व-सहायता समूह से जुड़ने के साथ शुरू हुआ। समूह के जरिए उन्हें ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान से मशरूम उत्पादन की बारीकियां सीखने का मौका मिला। तकनीक समझने के बाद उन्होंने वर्ष 2024 में अपने घर से ही छोटे स्तर पर उत्पादन शुरू किया। शुरुआती दौर में पूंजी की कमी और बाजार की समझ न होने जैसी चुनौतियां सामने आईं, लेकिन उन्होंने हार मानने के बजाय अपने काम की गुणवत्ता पर पूरा ध्यान केंद्रित रखा।

एक लाख ऋण से बढ़ा कारोबार

काम में बढ़ती संभावनाओं को देखते हुए राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन यानी बिहान और समूह की सामुदायिक निवेश निधि ने उन्हें आर्थिक संबल दिया। कारोबार को बड़ा रूप देने के लिए उन्होंने वर्ष 2026 में ग्रामीण बैंक कोड़ेनार से एक लाख रुपये का स्वयं सिद्धा ऋण लिया। इस पूंजी से उन्होंने अपनी इकाई का विस्तार किया और आज उनका उत्पादन बढ़कर 700 पैकेट तक पहुंच गया है।

तीन जिलों में बढ़ी ताजे मशरूम की मांग

मशरूम के इस व्यवसाय ने कौशल्या के परिवार की आर्थिक स्थिति पूरी तरह बदल दी है। वह बताती हैं कि एक पैकेट तैयार करने में करीब 150 रुपये की लागत आती है, जबकि बाजार में ताजा मशरूम 400 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर बिकता है। बेहतर स्वाद और ताजगी के कारण बास्तानार और जगदलपुर के स्थानीय बाजारों के साथ ही पड़ोसी दंतेवाड़ा जिले में भी उनके मशरूम की जबरदस्त मांग बनी हुई है।

samachardoot
Author: samachardoot

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें