मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के अंतर्गत आने वाले ग्राम अमलीडीह में आज सुबह एक बच्ची की बोरे में शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार मुंगेली के अमलीडीह गांव के बाहर झाड़ियों के बीच चरवाहे ने एक बोरी में बंधा हुआ कुछ सामान देखा। जिसकी सूचना उसने गांव के कोटवार को दी। जिसके बाद कोटवार ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने जब बोरी को खुलवाया तो सभी के होश उड़ गए।
बंद बोरी में एक 8 से 9 साल के बच्ची की लाश अर्द्धनग्न अवस्था में थी। उक्त शव एक दिन पुरानी बताई जा रही है और बच्चे के मुंह में नारंगी रंग का एक गमछा बंधा हुआ था। पुलिस बच्ची की शिनाख्त के साथ-साथ ग्रामीणों से पूछताछ करते हुए डाॅग स्क्वाड की मदद ले रही है।
इस संबंध में थाना प्रभारी गौरव पांडेय ने बताया कि आज सुबह एक बच्ची की प्लास्टिक की बोरी में लाश मिली है। बच्ची के गले में एक लाकेट मिला है जिसमें 786 लिखा हुआ है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। बच्ची के शव को पंचनामा कार्रवाई कर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया है।








