Kondagaon: मछली पालन विभाग के बाबू का कारनामा, सरकारी खजाने के सवा करोड़ रुपए सट्टे में गंवा दिए, चारसौबीसी का केस दर्ज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कोंडागांव। Kondagaon News: छत्‍तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के सहायक संचालक मछली पालन विभाग में सहायक ग्रेड 2 पर पदस्थ कर्मचारी संजय गढ़पाले द्वारा विभाग में वित्तीय अनियमितता करते हुए करोड़ों की राशि गबन का मामला सामने आया है। जानकारी मिलते ही विभाग के जिम्मेदार अधिकारी ने मामले की पुलिस में शिकायत की है।

बताया जा रहा उक्त राशि को आरोपित जुआ-सट्टा में दांव लगाता था। विभाग के मुताबिक संजय गड़पाले मछली पालन विभाग में सहायक ग्रेड 2 के पद पर पदस्थ है। उसने कोंडागांव व नारायणपुर जिले में अपनी पदस्थापना के दौरान लगभग एक करोड़ 26 लाख रुपये की वित्तीय अनियमितता को पिछले कई महीनों से अंजाम देता रहा और विभागीय अधिकारी अनजान बने रहे।

विभाग के अधिकारियों ने की पुलिस में शिकायत

विभाग के अधिकारियों को इसकी भनक तक नहीं लगी। मामला उजागर होने के भय से विभागीय अधिकारियों ने टीम गठित कर मामले की जांच की और करोड़ों की अनियमितता सामने आने के बाद विभाग के अधिकारियों ने ही मामले की पुलिस में शिकायत की है।

बताया जा रहा है कि आरोपित बाबू नारायणपुर जिले में भी बतौर प्रभारी लिपिक विभागीय कार्य देख रहा था। उसे आनलाइन सट्टे की लत है। वह कोंडागांव कार्यालय के सरकारी हेड से 44 लाख तथा नारायणपुर जिले में 81 लाख रुपये आनलाइन सट्टे में हार गया।

यह काम बीते कई महीनों से जारी था पर अफसरों को इसकी भनक तब हुई जब सरकारी अकाउंट का स्टेटमेंट चेक किया गया। फिलहाल कर्मचारी पर चारसौबीसी दर्ज की गई है। आरोपित को गिरफ्तार कर पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है।

samachardoot
Author: samachardoot

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें