नई दिल्ली। महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले में मंगलवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना (Maharastra Road Accident) में एक स्कूल बस 80 से 100 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में दो छात्रों की मौत हो गई और 50 से अधिक बच्चे घायल हो गए। बस मेहुनबारे, चालीसगांव के एक आश्रम स्कूल की थी और आदिवासी छात्र दीवाली की छुट्टियों के बाद लौट रहे थे।
क्षमता से दोगुने बच्चे बैठे थे बस में
अधिकारियों के अनुसार, बस की सीटिंग क्षमता 30 थी, लेकिन उसमें 56 छात्र सवार थे। हादसा देवगई घाट क्षेत्र के पास अमलीबारी में हुआ, जब चालक ने बस पर नियंत्रण खो दिया और वाहन घाटी में जा गिरा।
दो मासूमों की मौत, कई गंभीर
स्थानीय ग्रामीण सबसे पहले मौके पर पहुंचे और बच्चों को ढलान से ऊपर खींचकर सुरक्षित निकाला। इस हादसे में 7 वर्षीय एक लड़के और 13 वर्षीय लड़की की मौत हो गई। दो छात्रों की हालत नाजुक है और उन्हें ICU में भर्ती कराया गया है। 17 गंभीर रूप से घायल बच्चों को नंदुरबार जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य का इलाज अक्कलकुवा ग्रामीण अस्पताल में चल रहा है।
जांच में जुटा प्रशासन, बस चालक फरार
हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। नंदुरबार की जिलाधिकारी डॉ. मिताली सेठी ने बताया कि घायलों के इलाज में प्रशासन पूरी मदद कर रहा है। पुलिस यह जांच कर रही है कि बस के पास मान्य परमिट था या नहीं और क्या सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था।









